जशपुर राजपरिवार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात, दिवंगत रूपी सोरेन को दी श्रद्धांजलि

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में छत्तीसगढ़ के जशपुर राजपरिवार के सदस्यों ने मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। महाराजा-सह-पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव, महारानी अमृता सिंह जूदेव, युवराज यश प्रताप जूदेव और राजकुमार आर्य प्रताप जूदेव ने मुख्यमंत्री से मिलकर उनकी माता दिवंगत रूपी सोरेन के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की।जशपुर राजपरिवार के सदस्यों ने दिवंगत रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
वहीं, नेमरा में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और फरियाद लेकर भी पहुंचे। निजी शोक के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जनसेवक की अपनी जिम्मेदारी को सर्वोपरि रखते हुए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने एक-एक कर लोगों का कुशलक्षेम जाना और आत्मीयता से उनकी समस्याएं सुनीं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनता की शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी फरियादी को निराश होकर वापस नहीं लौटना चाहिए।
गहरे व्यक्तिगत दुःख के बावजूद जनता के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री ने यह संदेश दिया कि विपरीत परिस्थितियों में भी वे राज्य की जनता के साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री के लिए राज्य की जनता ही उनका सबसे बड़ा परिवार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *