झारखंड की प्रख्यात नेत्र चिकित्सक डॉ. भारती कश्यप को स्पेशल लीडरशिप अवॉर्ड
रांची: झारखंड की प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ और समाजसेवी डॉ. भारती कश्यप को ‘वीमेन ऑप्थैल्मोलॉजिस्ट्स सोसाइटी ऑफ इंडिया’ के उद्घाटन समारोह में ‘स्पेशल लीडरशिप अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान AIOS के अध्यक्ष प्रो. डॉ. जे.एस. तितियाल और आई बैंक एसोसिएशन ऑफ इंडिया की उपाध्यक्ष डॉ. नम्रता शर्मा ने प्रदान किया।
डॉ. कश्यप को यह सम्मान महिला स्वास्थ्य, बाल दृष्टि सुरक्षा तथा ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। IMA झारखंड वीमेंस डॉक्टर्स विंग की अध्यक्ष के रूप में उनके नेतृत्व में अप्रैल 2021 से मई 2026 के बीच राज्य में छह लाख से अधिक महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग की गई। पाकुड़, संथाल परगना और कोल्हान जैसे दूरदराज क्षेत्रों में भी अभियान पहुंचाया गया।
बाल नेत्र सुरक्षा के क्षेत्र में झारखंड के सरकारी स्कूलों के 25 लाख से अधिक बच्चों की आंखों की जांच की गई। जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क चश्मे दिए गए और मोतियाबिंद से पीड़ित सैकड़ों बच्चों की सर्जरी कराई गई।
वर्ष 2017 में नारी शक्ति पुरस्कार प्राप्त कर चुकीं डॉ. कश्यप के लिए यह सम्मान चिकित्सा सेवा और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान की राष्ट्रीय मान्यता है।
इधर, रांची के विट्रियो-रेटिना सर्जन डॉ. विभूति कश्यप को युवा महिला नेत्र रोग विशेषज्ञों के उत्कृष्ट अकादमिक प्रशिक्षण और शिक्षण के लिए WOS ने ‘बेस्ट टीचर’ अवॉर्ड से सम्मानित किया।


