इंडियन आर्मी ने ऑपरेशन महादेव के तहत तीन आतंकी को किया ढेर

दिल्ली:जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले के हरवान इलाके में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। ‘ऑपरेशन महादेव’ के तहत चल रही मुठभेड़ में अब तक तीन आतंकी को मार गिराया गया है। ये आतंकी लंबे समय से सक्रिय और वांछित बताए जा रहे हैं। मुठभेड़ अभी जारी है और इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, यह अभियान उन आतंकियों की तलाश में शुरू किया गया था, जो इस साल अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शामिल थे। उस हमले में 26 लोगों की जान गई थी। हाल में मिले खुफिया इनपुट के अनुसार, ये संदिग्ध आतंकी दाछिगाम की ओर बढ़ सकते थे, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने हरवान के मुलनार इलाके में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

सोमवार सुबह जब सुरक्षाबलों ने जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू किया, तो गोलियों की आवाजें सुनाई दीं। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को ढेर कर दिया, जबकि दो अन्य आतंकियों के घायल होने की सूचना है। इस अभियान में सेना की 50 राष्ट्रीय राइफल्स (RR), 24 RR, श्रीनगर पुलिस और सीआरपीएफ की टीमें शामिल हैं। सेना की चिनार कोर ने पुष्टि की है कि मारे गए तीन आतंकियों की पहचान की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे किस आतंकी संगठन से जुड़े थे।

इलाके में अब भी तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ मोर्चा संभाले हुए हैं। स्थानीय लोगों को फिलहाल इलाके से दूर रहने की सलाह दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जब तक पूरे क्षेत्र को पूरी तरह से सुरक्षित घोषित नहीं कर दिया जाता, तब तक ऑपरेशन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *