भागलपुर में पुलिस इंस्पेक्टर के बेटे का क्षत-विक्षत शव मिला, शेयर बाजार का करता था कारोबार

भागलपुर। एक बंद फ्लैट, अंदर से बंद दरवाज़ा और बाथरूम में पड़ी लाश… बुधवार की सुबह जोगसर थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब तपस्वी नर्सिंग होम के पास स्थित एक किराए के फ्लैट से दुर्गंध उठने लगी और पुलिस ने जो देखा, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया।

फ्लैट में युवक की लाश बुरी तरह सड़ चुकी थी। मृतक की पहचान आरा निवासी रोहित पांडे (35) के रूप में हुई है। रोहित की मां पूनम पांडे, आरा पुलिस लाइन में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। मृतक शादीशुदा था और डेढ़ साल के एक बच्चे का पिता भी था। रोहित भागलपुर में शेयर बाजार से जुड़े कार्यों में सक्रिय था और पिछले कई वर्षों से इसी फ्लैट में अकेले रह रहा था।

बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों से उसका अपने परिजनों से कोई संपर्क नहीं हो रहा था। बार-बार कॉल किए जाने पर भी जब उसका फोन स्विच ऑफ मिला, तो उसका छोटा भाई खुद आरा से भागलपुर पहुंचा। फ्लैट का दरवाज़ा अंदर से बंद मिला और कई बार आवाज़ देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तब उसने जोगसर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाज़ा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। बाथरूम में रोहित का शव पड़ा मिला, जिसकी स्थिति देखकर अनुमान लगाया गया कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी।
घटना के संबंध में जोगसर थाना अध्यक्ष कृष्ण नंदन सिंह ने बताया कि जिस समय पुलिस कमरे के बाथरूम में पहुंची, रोहित का शव बाथरूम में पड़ा था। उस वक्त वह केवल बनियान पहने हुए था। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल से कुछ दवाइयां और सिरिंज बरामद हुआ है। परिजनों ने बताया कि करीब 10 दिन पहले रोहित को हार्ट अटैक की शिकायत हुई थी। घटना के संबंध में जोगसर थाना अध्यक्ष कृष्ण नंदन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला सामान्य मौत सा प्रतीत हो रहा है। परिजनों की ओर से अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जोगसर थाना अध्यक्ष कृष्ण नंदन सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक रोहित पांडेय की मां पूनम पांडे, आरा पुलिस लाइन में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। मृतक शादीशुदा था और डेढ़ साल के एक बच्चे का पिता भी था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *