खूंटी शहर में हाथी की चहलकदमी से हड़कंप, वन विभाग ने संभाला मोर्चा

रांची : झारखंड में इन दिनों जंगली हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ती जा रही हैं और अब उनका रुख शहरों की ओर भी देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में खूंटी जिला मुख्यालय के भूत भंडारा क्षेत्र में एक हाथी के पहुंचने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शहर के बीच हाथी के प्रवेश की खबर फैलते ही लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार हाथी रांची की दिशा से दतिया मार्ग होते खूंटी शहर में प्रवेश कर गया। वह डीएवी रोड स्थित डेली मार्केट क्षेत्र से गुजरते हुए नगर भवन तक पहुंच गया। अचानक शहर में हाथी के दिखने से स्थानीय लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए और बड़ी संख्या में लोग उसे देखने के लिए मौके पर जुट गए। कुछ लोगों द्वारा हाथी को खदेड़ने की कोशिश भी की गई, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मोर्चा संभाल लिया। वनकर्मियों ने सायरनयुक्त वाहनों और सुरक्षा उपायों की मदद से हाथी को आबादी वाले क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने लोगों को हाथी से दूर रहने और भीड़ न लगाने की लगातार अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *