FJCCI चुनाव परिणाम पर गणादेश की खबर की लगी मुहर, जो लिखा वही आया परिणाम
रांची: फेडरेशन झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के चुनाव परिणाम ने गणादेश अखबार की चुनावी खबर पर मुहर लगा दी है। चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले ही गणादेश ने अपनी खबर में टीम तुलसी पटेल की जीत की संभावना जताई थी। रविवार को चुनाव परिणाम सामने आने के बाद यह आकलन सही साबित हुआ। टीम तुलसी के 21 में से 13 सदस्य निर्वाचित हुए, जबकि टीम मुकेश अग्रवाल के आठ प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
गणादेश ने चुनाव से पहले अपनी रिपोर्ट में टीम तुलसी की मजबूत स्थिति का उल्लेख किया था। खबर में टीम के सदस्यों के अनुभव, व्यापारिक संगठनों में उनकी सक्रियता और व्यापारियों के बीच उनकी पकड़ को टीम की मजबूती का प्रमुख आधार बताया गया था। चुनावी माहौल को देखते हुए गणादेश ने यह संकेत दिया था कि टीम तुलसी मुकाबले में बढ़त बनाए हुए है और परिणाम उसके पक्ष में जा सकता है।
गणादेश की टीम ने चुनाव से पहले रांची के अलावा झारखंड के कई जिलों के व्यापारी मतदाताओं से बातचीत कर उनकी राय भी जानी थी। इस दौरान अधिकांश व्यापारियों ने टीम तुलसी पर भरोसा जताते हुए उसके प्रत्याशियों को समर्थन देने की बात कही थी। व्यापारियों की इसी राय और चुनावी माहौल के आधार पर गणादेश ने टीम तुलसी की जीत का आकलन किया था।
परिणाम आने के बाद गणादेश की पूर्व प्रकाशित खबर की चर्चा भी व्यापारियों के बीच रही। टीम तुलसी के लीडर तुलसी पटेल ने भी गणादेश अखबार का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने चुनाव से पहले टीम के पक्ष में माहौल को समझने और व्यापारियों की राय को प्रमुखता से प्रकाशित करने के लिए अखबार के प्रति आभार जताया।


