रामगढ़ में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, शिवराज उर्फ शिवा डोम के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार
रांची: रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे शिवराज उर्फ शिवा डोम के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल अपराधी को तत्काल उपचार के लिए सीसीएल अस्पताल, भुरकुंडा में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, शिवराज उर्फ शिवा डोम के पास से दो अवैध पिस्टल, करीब पांच दर्जन जिंदा कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पतरातू थाना क्षेत्र के भुरकुंडा ओपी अंतर्गत सयाल निवासी बिहारी राम का पुत्र शिवराज उर्फ शिवा रांची और धनबाद में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए रांची, धनबाद और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया।
संयुक्त टीम ने संभावित ठिकानों पर घेराबंदी कर शिवराज को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस शिवराज से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में उसके आपराधिक नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति और गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही विस्तृत खुलासा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।


