एक साल में होना है चुनाव, जनता की अदालत में चलिए बाबूलाल जी : विनोद पांडेय

रांची :राज्य में राष्ट्रपति शासन की अनुशंसा संबंधी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की मांग पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कड़ा प्रहार किया है। झामुमो के महासचिव सह प्रवक्ता श्री विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा के नेता आजकल केंद्रीय एजेंसियों का प्रवक्ता बनकर घूमते चल रहे हैं। पिछले चुनाव में जनता ने इन्हें नकार दिया था। बाबूलाल मरांडी ने भाजपा के विरोध में वोट मांगकर चुनाव जीता और भाजपा में ही शामिल हो गए। वे रोज सरकार को अपदस्थ करने का सपना देख रहे हैं। राज्य में राष्ट्रपति शासन के लिए दलीलें देना यह प्रमाणित करता है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर उनका विश्वास नहीं है। विनोद पांडेय ने कहा कि एक साल में राज्य में विधानसभा के चुनाव होंगे। बाबूलाल मरांडी को चाहिए कि वे जनता की अदालत में दो-दो हाथ कर लें। उन्हें अपनी झूठी लोकप्रियता का पता चल जाएगा। बाबूलाल मरांडी जब से भाजपा में गए हैं, तब से मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। लगता है कि उन्हें हेमंत फोबिया हो गया है। वे राज्य भर में दौरा कर अनाप-शनाप बोल रहे हैं। भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग अपने हित में करना चाहती है। झारखंड में यह कभी सफल नहीं होगा। राज्य के लोग भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा जानते हैं। मणिपुर में हुई हिंसा की घटनाओं से पूरी मानवता शर्मसार है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। झारखंड में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने का इनका मंसूबा सफल नहीं होगा। यहां से भाजपा का पूरी तरह सफाया हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *