बिहपुर में चुनावी संग्राम: निर्दलीय उम्मीदवार अवनीश के परिवार पर हमला, इलाके में तनाव
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। बिहपुर विधानसभा सीट पर बुधवार को चुनावी माहौल उस वक्त गरमा गया जब निर्दलीय प्रत्याशी अवनीश कुमार के परिवार पर प्रचार के दौरान हमला हो गया। बताया जा रहा है कि राजद से बगावत कर मैदान में उतरे अवनीश कुमार अपने परिजनों के साथ खरीक प्रखंड के तेलघी गांव में जनसंपर्क कर रहे थे, तभी कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने गाड़ी और परिवार पर पथराव व हमला कर दिया।
इस अचानक हुए हमले में उनकी पत्नी, बेटी सहित कई परिजन घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
अवनीश कुमार ने इस हमले के पीछे भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों का हाथ होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चुनावी रंजिश में यह हमला कराया गया है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने और निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं समर्थकों में भी भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि हमले में शामिल दोषियों की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इस बार बिहपुर विधानसभा सीट पर कुल दस प्रत्याशी मैदान में हैं। इस घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और भी सख्त कर दिया है ताकि किसी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो।



