11 से 14 अगस्त तक होगी जिला स्तरीय मशाल प्रतियोगिता, भागलपुर में आयोजन की तैयारी जोरों पर
भागलपुर। जिले में खेल प्रतिभाओं की पहचान और प्रोत्साहन के उद्देश्य से जिला स्तरीय मशाल प्रतियोगिता 2025 का आयोजन 11 से 14 अगस्त 2025 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन सैन्डिस कंपाउंड और खेल भवन, भागलपुर में किया जाएगा, जिसकी तैयारी जोर-शोर से की जा रही है।
खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, शिक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता की सफलता सुनिश्चित करने हेतु आज जिला पदाधिकारी, भागलपुर की अध्यक्षता में आयोजन समिति की बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त श्री प्रदीप कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) श्री विकास कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री कुंदन कुमार, सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद, प्रभारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का स्वरूप:
प्रतियोगिता अंडर-14 एवं अंडर-16 आयु वर्ग में आयोजित की जाएगी। अंडर-14 वर्ग में 224 बालिकाएं एवं 336 बालक,अंडर-16 वर्ग में 224 बालिकाएं एवं 448 बालक भाग लेंगे। कुल 1,232 छात्र-छात्राएं प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त, जिले के प्रत्येक प्रखंड से 8 दल प्रभारियों की भागीदारी होगी, जिसके अंतर्गत 128 शारीरिक शिक्षा शिक्षक/शिक्षिकाएं शामिल होंगी। प्रतियोगिता संचालन हेतु लगभग 50 तकनीकी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
आवश्यक दिशा-निर्देश:
जिला खेल पदाधिकारी श्री जयनारायण कुमार ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता में छठी से दसवीं कक्षा तक के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। आयु की गणना 31 दिसंबर 2024 के आधार पर की जाएगी। सभी प्रतिभागियों को बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना द्वारा उपलब्ध कराई गई टी-शर्ट/पोशाक पहननी अनिवार्य होगी। केवल वही खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे जो प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित हुए हैं। प्रतिभागियों की सूची प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जिला खेल कार्यालय को उपलब्ध कराई जा रही है। सूची से बाहर के किसी भी खिलाड़ी को प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रोत्साहन एवं पुरस्कार:
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया जाएगा।
प्रथम स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को ₹2500,
द्वितीय स्थान वालों को ₹1500,
तृतीय स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को ₹1000 की पुरस्कार राशि के साथ पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, एक विशेष चयन समिति खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर प्रतिभाशाली बच्चों की पहचान करेगी।
सुविधाएं एवं व्यवस्था:
प्रतियोगिता स्थल एवं खिलाड़ियों के आवास स्थल पर चिकित्सा सुविधा, पुलिस सुरक्षा एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।



