जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
रांची : श्रीकृष्ण लोक प्रशासन सेवा संस्थान सभागार में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रांची लोकसभा क्षेत्र के सांसद सह रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने की।
बैठक में झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा, राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, सिल्ली विधायक अमित महतो, रांची की महापौर रोशनी खलखो सहित कई जनप्रतिनिधि और वरीय प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी सहित जिले के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
बैठक में जिले में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, आपसी समन्वय और प्रभावी अनुश्रवण पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और जमीनी स्तर पर उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
बैठक के दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, गुणवत्ता नियंत्रण, तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने और आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि योजनाओं के कार्यान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।



