उपायुक्त ने नगर पंचायत क्षेत्र के निर्माणाधीन न्यू बस स्टैंड का किया निरीक्षण
खूंटी: उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने आज खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन न्यू बस स्टैंड प्रखंड के संस्था सहयोग विलेज द्वारा संचालित बाल गृह, आशा किरण बालिका गृह, मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, एवं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय कालामाटी सहित अन्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सबसे पहले नगर पंचायत क्षेत्र में बन रहे न्यू बस स्टैंड का जायजा लिया। उन्होंने बस पार्किंग, यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, शौचालय, पेयजल, लाइट आदि की समुचित व्यवस्था हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। बस स्टैंड के संचालन के मद्देनजर उपायुक्त ने मौके पर उपस्थित कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत एवं संबंधित संवेदक को ससमय कार्यों को पूर्ण कराने को लेकर निर्देश भी दिए।
जिसके पश्चात उपायुक्त ने संस्था सहयोग विलेज द्वारा संचालित बालगृह का निरीक्षण किया। संस्था के सचिव श्री अमृत तोपनो ने बताया कि बालगृह में 50 बच्चों के रहने की क्षमता है तथा वर्तमान में 20 बच्चे आवासित हैं। इनमें 10 बच्चे निकटवर्ती राजकीय विद्यालय चलागी में एवं 3 बच्चे नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय बिरहु में अध्ययनरत हैं। विशेष देखभाल वाले 7 बच्चों के लिए विशेष इकाई संचालित की जा रही है, जिसमें विशेष शिक्षक एवं नर्स की व्यवस्था है। उपायुक्त ने किचन परिसर का भी निरीक्षण किया एवं भोजन व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
वहीं गुटजोड़ा स्थित आशा किरण बालिका गृह का भी निरीक्षण किया गया। उपायुक्त ने बच्चों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी संस्था की सिस्टर से ली एवं आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बिरहु ऊपर टोली एवं बड़का टोली स्थित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को दिए जा रहे पोषाहार एवं प्रारंभिक शिक्षा की स्थिति का निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका को मेनू के अनुसार पोषाहार उपलब्ध कराने एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं मौके पर उपस्थित जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, डिसिपीओ, सीडीपीओ को भी आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय कालामाटी का दौरा किया एवं जेई एडवांस परीक्षा की तैयारी कर रही छात्राओं से मुलाकात कर उन्हें परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण टिप्स एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। छात्राओं की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना, मौके ओर उपस्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। साथ हीं उपायुक्त ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उपायुक्त के इस दौरे में अनुमण्डल पदाधिकारी खूँटी सुश्री दीपेश कुमारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।



