उपायुक्त ने सेवानिवृत्त पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के पेंशन प्रपत्रों को ससमय उपलब्ध कराने को लेकर समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश

खूंटी : उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में सेवानिवृत्त पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के पेंशन प्रपत्रों को ससमय महालेखाकार, झारखंड, राँची को उपलब्ध कराने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।ㅤ

बैठक में 30 से अधिक सेवानिवृत्त पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के पेंशन स्वीकृति संबंधी मामलों की विभागवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि लंबित प्रकरणों में आवश्यक अभिलेख एवं औपचारिकताएं अविलंब पूर्ण करते हुए पेंशन प्रकरणों का निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि सेवानिवृत्त कर्मियों को समय पर पेंशन का लाभ मिल सके।ㅤ

समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, शिक्षा, पेयजल एवं स्वच्छता, प्रखंड, अंचल कार्यालय सहित विभिन्न विभागों में लंबित पेंशन मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक दस्तावेज शीघ्र उपलब्ध कराएं तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें।ㅤ

बैठक में लंबित एसीपी एवं एमएसीपी के मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी लंबित मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए पात्र कर्मियों को शीघ्र लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त सेवा अवधि के दौरान दिवंगत हुए कर्मियों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ऐसे सभी प्रकरणों में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पात्र आश्रितों को शीघ्र नियुक्ति उपलब्ध कराने हेतु त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिला स्थापना पदाधिकारी, जिला कोषागार पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *