खूंटी के ब्लू एस्ट्रोटर्फ में राज्यस्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का डीसी शशि रंजन ने किया उद्घाटन

खूंटी : बिरसा मुंडा कॉलेज परिसर में स्थित ब्लू एस्ट्रोटर्फ में राज्यस्तरीय हॉकी का शुभारंभ रविवार को डीसी शशिरंजन और एसपी अमन कुमार ने खिलाड़ियों के परिचय करने के साथ शुभारंभ किया। इस दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, हॉकी इंडिया के महासचिव सह अध्यक्ष हॉकी झारखंड, भोला नाथ सिंह, हॉकी झारखंड के महासचिव, विजय शंकर सिंह, हॉकी झारखंड के सी ई ओ रजनीश कुमार, हॉकी खूंटी के अध्यक्ष, अशोक भगत और अन्य विशेष रूप से शामिल हुए।
मौके पर उपायुक्त ने कहा कि धरती आबा की शौर्य भूमि खूंटी महान हॉकी खिलाड़ी मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा की पावन भूमि है। ये हम सभी के लिए हर्ष का विषय है कि खूंटी आज विश्व पटल पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में अग्रसर है।
आगे उन्होंने कहा कि खूंटी की ओलंपियन निक्की प्रधान और कई उभरते खिलाड़ियों को भी इस आयोजन से प्रोत्साहन मिलेगा।
उपायुक्त ने कहा कि खूंटी का ब्लू एस्ट्रोटर्फ अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया गया है। ये सफल आयोजन खूंटी के एस्ट्रो टर्फ में किया जा रहा है। इसी प्रकार सभी प्रखंड में एस्ट्रो टर्फ बनाए जायेंगे। इससे हमारे स्थानीय प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित अवसर मिलेंगे और विश्व पटल पर वो अपनी पहचान बनायेंगे।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के क्रम में कहा कि यदि हौसला है तो मुट्ठी में आसमान है। उन्होंने कहा कि हॉकी प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी टीमें ऊर्जावान है। उनके उत्साह प्रदर्शित होता है। इसी प्रकार दृढ़ संकल्प के साथ बढ़कर खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव ने अपने स्वागत संबोधन में सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन खूंटी का पूर्ण योगदान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *