खूंटी के मलियादा में पहली बार साइबर “फर्स्ट रेस्पॉन्डर टीम” की शुरुआत
खूंटी : मुरहू प्रखंड के मलियादा गांव में रविवार को बाल कल्याण संघ और साइबर पीस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जिले की पहली ग्रामीण साइबर “फर्स्ट रेस्पॉन्डर टीम” की शुरुआत की गई। यह पहल ट्रैक्टर–बकरी लॉटरी, फर्जी नौकरी कॉल, लिंक/QR कोड धोखाधड़ी, OTP और UPI ठगी जैसे बढ़ते साइबर अपराधों को रोकने के उद्देश्य से शुरू की गई है। टीम में वार्ड सदस्य, ग्राम प्रधान, सहिया, शिक्षक, किशोर–किशोरियाँ और सक्रिय ग्रामीणों को शामिल किया गया है, जिन्हें विशेषज्ञों द्वारा साइबर ठगी पहचानने, 1930 हेल्पलाइन पर तुरंत शिकायत करने और सोशल मीडिया सुरक्षा के बारे में प्रशिक्षित किया जाएगा।
साइबर पीस फाउंडेशन के संस्थापक विनीत कुमार ने कहा कि ग्रामीण परिवार तेजी से डिजिटल ठगी का शिकार हो रहे हैं, इसलिए प्रत्येक गांव में प्रशिक्षित टीम बनाना आवश्यक है। मुरहू प्रखंड प्रमुख एलिस ओडिया और उपप्रमुख अरुण कुमार साबू ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि पढ़े-लिखे लोग भी साइबर अपराधियों के निशाने पर हैं, ऐसे में गांव–गांव में जागरूकता जरूरी है। कार्यक्रम में बाल कल्याण संघ की स्टेट हेड शिवानी प्रिया ने बच्चों को सुरक्षित डिजिटल आदतें सिखाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में मुखिया, वार्ड सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्राप्त की।



