कांग्रेसियों ने मशाल शांति मार्च कर केंद्र की भाजपा सरकार का किया विरोध

रांची: राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को लोकतंत्र बचाओ मशाल शांति मार्च का आयोजन कर केंद्र की भाजपा सरकार का विरोध प्रदर्शन किया।


प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे के नेतृत्व में मशाल शांति मार्च जिला स्कूल से आरंभ होकर अमर शहीद को नमन करते हुए कचहरी चौक होते हुए राजभवन तक पहुंचा। कांग्रेसियों ने राजभवन के समक्ष केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश को संवरने का काम किया है,जबकि भाजपा देश को बेचने में लगी हुई है। तमाम सरकारी संस्थाओं को बेच दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने जब जनता की आवाज सांसद में उठने का काम किया तो भाजपा ने उनकी सदस्यता रद्द करवा दी। जनता अब जाग चुकी है,कांग्रेस जनता के साथ सड़कों पर आंदोलन करेगी।
वहीं प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। देश में आपातकालीन जैसी स्थिति पैदा की का रही है। महंगाई,बेरोजगारी,भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस पूरे देश में जनता की साथ आवाज उठा रही है। श्री पांडे ने कहा कि राहुल गांधी को सांसद में बोलने नहीं दिया गया। उनकी आवाज को दबाने के लिए उनकी सांसदी रद्द कर दी गई। सभी कांग्रेसी एकजुट होकर पूरे देश में सत्याग्रह के माध्यम से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि मौजूदा दौर में केंद्र सरकार देश की आत्मा यानि लोकतंत्र को ध्वस्त करने में लगी है। यह बात सिर्फ कांग्रेस पार्टी नहीं कह रही है, दुनिया भर के तमाम मीडिया संस्थान भी बोल रहे हैं।
महगामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि आज विदेश के अख़बारों में भारतीय लोकतंत्र पर लगातार हमले को लेकर खबरे छप रही हैं। लोगों के बीच आज भी सवाल बना हुआ है कि मोदी जी का अडानी से क्या रिश्ता है एवं 20, 000 करोड़ किसके हैं?
महानगर के अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा ने कहा कि प्रधानमंत्री आज अडानी से मित्रता निभाने में देश के करोड़ों लोगों की गाढ़ी कमाई को एसबीआई-एलआईसी के जरिए लुटवाने का काम निरंतर कर रहे हैं। साथ ही, महाघोटाले के आरोपी अडानी को बचाने में भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। केंद्र सरकार ने तानाशाही की सीमा लांघ दी है।
रांची जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. राकेश किरण महतो ने कहा कि हमारे लोकप्रिय नेता राहुल गांधी जी संसद में आवाज उठाते हैं तो उनका माइक म्यूट कर दिया जाता है, सड़क पर आवाज उठाते हैं, तो वहां रोक दिया जाता है और तो और साजिश करके लोकसभा संसद की सदस्यता को रद्द कर दिया गया क्योंकि वे मोदी-अडानी के लूट-तंत्र के विरुद्ध आवाज उठा रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *