धड़कन द गोल्डन म्यूजिकल ग्रुप’ का रंगारंग संगीत समारोह, समाजसेवी सीमा राय ने किया उद्घाटन, कलाकारों ने बांधा समां

रांची: धड़कन द गोल्डन म्यूजिकल ग्रुप की ओर से रविवार को पुराना विधानसभा सभागार में भव्य संगीत संध्या ‘म्यूजिकल नाइट’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाजसेवी सीमा राय ने दीप प्रज्वलित कर किया। संगीत समारोह में स्थानीय कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में गायक मो. इस्लाम ने किशोर कुमार के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी। वहीं महिला कलाकारों ने लता मंगेशकर, आशा भोसले समेत अन्य दिग्गज गायकों के सदाबहार गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। मुख्य अतिथि सीमा राय ने भी मंच पर फिल्मी गीत गाकर अपनी गायन प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी प्रस्तुति पर उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर सीमा राय ने कहा कि वह जन्मजात कलाकार हैं और कला की पूजा करती हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें लता मंगेशकर, आशा भोसले और पुराने दौर के फिल्मी गीत बेहद पसंद हैं तथा वह अक्सर अपने खाली समय में भी इन्हें गुनगुनाती हैं। उन्होंने कहा कि पुराने दौर के कलाकारों की प्रस्तुति में भाव, शब्दों की गरिमा और सामाजिक संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई देता था, जबकि आज के गीतों में वह गहराई और प्रभाव काफी हद तक कम हो गया है।

कार्यक्रम में कलाकार निगाह सुल्ताना ने कहा कि रांची में प्रतिभाशाली कलाकारों की कोई कमी नहीं है, लेकिन नियमित रोजगार और मंच के अभाव में उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं गायक मो. इस्लाम ने राज्य सरकार से झारखंड के कलाकारों को प्रोत्साहित करने और उन्हें अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए ठोस नीति बनाने की मांग की।

इस अवसर पर जदयू नेता मनोज सिंह, धड़कन द गोल्डन म्यूजिकल ग्रुप के अध्यक्ष राजीव वर्मा एवं संयोजक संजय कुमार ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *