बिहार में ठंड बढ़ेगी, इन 5 जिलों में बारिश की संभावना

पटना : बिहार के पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सिवान, सारण, गोपालगंज में अगले 24 घंटों के दौरान हल्की वर्षा की संभावना है, जबकि राजधानी पटना समेत अन्य जिलों का मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विज्ञानी संजय कुमार की मानें तो प्रदेश के उत्तरी भागों में कोहरे का प्रभाव अभी बना रहेगा। सुबह में धुंध छाई रहेगी। अगले 48 घंटों के बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ेगी।
पूरे प्रदेश में पछुआ हवा अगले पांच दिनों तक चलती रहेगी। इस दौरान तापमान में बदलाव की स्थिति बनते रहेगी। सोमवार को राजधानी समेत प्रदेश के 23 जिलों के न्यूनतम व अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना, पूर्णिया में सुबह के समय कोहरा छाए रहा। 6.2 डिग्री सेल्सियस के साथ गया प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 11.2 तो अधिकतम तापमान में सामान्य से 4 डिग्री ऊपर 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भागलपुर सहित आसपास के जिलों में तेज पछुआ हवा के चलते मौसम का मिजाज बदला है। दोपहर में तेज धूप निकलने के बावजूद ठंड का अहसास हो रहा है। सुबह और शाम पछुआ हवा ने कनकनी बढ़ा रखी है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी 10 दिनों तक ठंड का असर रहेगा। तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा। वहीं, आगामी 5 दिनों तक पछुआ हवा तेज रहेगा।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम ऐसा ही बना रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों में जबरदस्त बर्फबारी होने के कारण उसका असर यहां भी दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *