सीएम हेमंत सोरेन ने राजधानी में तीन अहम सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी
रांची :मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राजधानी रांची समेत झारखंड के अन्य प्रमुख शहरों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तीन अहम सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं की विस्तृत प्रस्तुति पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव श्री सुनील कुमार ने दी। मुख्यमंत्री ने डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर समयबद्ध तरीके से कार्य प्रारंभ करने और अन्य शहरों में भी यातायात सुधार के निर्देश दिए।
पहली परियोजना अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ होते हुए चापू टोली तक एलिवेटेड फ्लाईओवर निर्माण की है। इसकी लंबाई 1.75 किलोमीटर होगी तथा फ्लाईओवर की चौड़ाई 10 मीटर और नीचे की सड़क की चौड़ाई 7 मीटर होगी। सड़क के दोनों ओर ड्रेनेज, यूटिलिटी डक्ट, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था और नॉइज़ बैरियर जैसी सुविधाएं होंगी। इससे इस मार्ग पर जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
दूसरी परियोजना करमटोली चौक से साइंस सिटी तक 2.2 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर और साइंस सिटी से रिंग रोड तक पांच किलोमीटर से अधिक फोर लेन सड़क निर्माण की है। यह राजधानी के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम करेगा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करेगा।
तीसरी परियोजना रांची रेलवे स्टेशन से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट तक वैकल्पिक फोर लेन सड़क निर्माण की है। इसकी कुल लंबाई 4.7 किमी होगी जिसमें 800 मीटर एलिवेटेड रोड शामिल है। इसमें दोनों ओर फुटपाथ, कवर्ड साइकिल ट्रैक (जिस पर सोलर पैनल लगे होंगे), ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, गज़ीबो, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाएं होंगी। इससे डोरंडा, हीनू, हटिया आदि क्षेत्रों से स्टेशन और एयरपोर्ट तक तेज और सुगम यात्रा संभव होगी।
मुख्यमंत्री ने जमशेदपुर, डालटनगंज जैसे अन्य शहरों में भी ट्रैफिक सुधार की योजना बनाने के निर्देश दिए हैं। इन परियोजनाओं से न सिर्फ जाम की समस्या दूर होगी, बल्कि रोजगार, निवेश और विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। यह पहल झारखंड को आधुनिक राज्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



