गणादेश में खबर छपने के बाद नगर निगम एक्शन में, न्यू मार्केट कॉम्प्लेक्स के नालियों की हुई सफाई,आरआरडीए दुकानदार कल्याण महासंघ ने दिया धन्यवाद
गणादेश,रांची: राजधानी के रातू रोड मुख्य मार्ग स्थित न्यू मार्केट मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स में नालियों से निकलने वाला गंदा पानी दुकानों के अंदर घुसने लगा था। इससे दुकानदारों और ग्राहकों दोनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। स्थानीय लोगों की शिकायतों और दुकानदारों की मांग के बावजूद स्थिति जस की तस बनी रही।
इसी बीच जब यह मुद्दा गणादेश अखबार में प्रमुखता से प्रकाशित हुआ तो रांची नगर निगम प्रशासन हरकत में आया। निगम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नालियों की सफाई कराई। सफाई कार्य शुरू होते ही दुकानदारों ने राहत की सांस ली और निगम प्रशासन की तत्परता की सराहना की।
आरआरडीए दुकानदार कल्याण महासंघ के अध्यक्ष आनन्द कोठारी ने कहा कि “गणादेश में समाचार छपने के बाद ही नगर निगम जागा और तुरंत हमारी मांग पर संज्ञान लिया। निगम ने न्यू मार्केट रातू रोड कॉम्प्लेक्स की नालियों की सफाई कराकर दुकानदारों व ग्राहकों दोनों को बड़ी राहत दी। यह कदम न केवल स्वच्छता और बेहतर स्वास्थ्य वातावरण सुनिश्चित करेगा बल्कि इससे नगर निगम की जनता के प्रति संवेदनशीलता भी स्पष्ट होती है।”
दुकानदारों का कहना है कि यदि इसी प्रकार नगर निगम समस्याओं पर त्वरित कदम उठाता रहा तो लोगों का भरोसा और मजबूत होगा और बाजार का माहौल भी बेहतर बनेगा।



