TRENDING NOW

मोरहाबादी मैदान में जेसोवा दिवाली मेला का शुभारंभ,मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने किया उद्घाटन

रांची: झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) द्वारा आयोजित पांच दिवसीय दिवाली मेला का शुभारंभ गुरुवार को मोरहाबादी मैदान में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने संयुक्त रूप से किया। यह मेला 9 से 13 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें देश और विदेश से आए लगभग 400 स्टॉल लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जेसोवा कोई नया नाम नहीं है, बल्कि यह संस्था समाज सेवा के क्षेत्र में एक मिसाल बन चुकी है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष आयोजित होने वाला यह मेला इस बार विशेष है, क्योंकि संस्था अपनी रजत जयंती (25वीं वर्षगांठ) मना रही है। इस अवसर पर मेला पहले से कहीं अधिक भव्यता और उत्साह के साथ आयोजित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेसोवा का मुख्य उद्देश्य समाज सेवा है। मेले से प्राप्त आमदनी जरूरतमंदों की सहायता, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के कार्यों में खर्च की जाती है। कार्यक्रम के दौरान बेड़ों और लापुंग में नव-निर्मित दो सार्वजनिक पुस्तकालयों का ऑनलाइन उद्घाटन भी किया गया।
इस मौके पर जेसोवा अध्यक्ष प्रति कुमारी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया, वहीं उपाध्यक्ष अनीता सिंहा ने विधायक कल्पना सोरेन का अभिनंदन किया। रंजन कुमारी ने मुख्य सचिव अविनाश कुमार, मीनू झा और श्वेता शुक्ला ने अन्य अतिथियों का स्वागत किया।
संस्था की सचिव मनोज झा मेम ने सभी आगंतुक अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि जेसोवा बीते 25 वर्षों से झारखंड में समाज कल्याण के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था गरीब, असहाय और नेत्रहीन बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता तथा टीबी मुक्त झारखंड अभियान में भी अहम भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से 96 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दो लाभार्थियों को प्रदान की गई। आयोजन में शामिल स्टॉलों पर दीवाली से जुड़ी सजावटी वस्तुएं, हस्तशिल्प, परिधान और घरेलू उपयोग की कई वस्तुएं लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। वहीं सीएम ने मेला में लगे स्टालों का भी निरीक्षण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *