एक सशक्त, समृद्ध एवं समावेशी झारखंड का निर्माण: डीसी

बोकारो – झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह 2025 के तहत झारखंड राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में झारखंड@25 थीम पर 13 नवंबर, को साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया है। यह कार्यक्रम गरगा डैम बालीडीह से प्रारंभ कर नया मोड बिरसा मुंडा चौक होते हुए टुडेन गार्डन सेक्टर-3 होते हुए कूलिंग पाउंड सेक्टर-9 तक फिर कूलिंग पाउंड से जगरनाथ मंदिर सेक्टर 4 होते हुए पुस्तकालय मैदान तक की जाएगी। कार्यक्रम का शुभारंभ अपराह्न 2 बजे से गरगा डैम बालीडीह से प्रारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी कर्मी, खेल प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु खिलाड़ी, एनसीसी, स्काउट एंड गाइडस के वालंटियर्स, स्थानीय विद्यालयो के छात्र-छात्राएं जो कक्षा 7 से 11 तक के हो सकते है तथा बोकारो जिले के आम नागरिक उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि झारखंड राज्य स्थापना दिवस का यह रजत जयंती वर्ष हमारे लिए गौरव, एकता एवं प्रगति के संकल्प को पुनः सुदृढ़ करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के इस विशेष अवसर पर जिले में 11 से 15 नवम्बर तक विभिन्न सांस्कृतिक, खेलकूद एवं जनभागीदारी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों का उद्देश्य राज्य के सर्वांगीण विकास, सामाजिक एकता एवं जनसहयोग की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है। उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि झारखंड राज्य के गठन का मूल उद्देश्य यहाँ के नागरिकों, विशेषकर ग्रामीण एवं जनजातीय समुदायों के सामाजिक आर्थिक सशक्तिकरण को सुनिश्चित करना था। राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन इस दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे शासन की नीतियों व दिशा–निर्देशों का पालन करते हुए अपने क्षेत्र में सकारात्मक योगदान दें, ताकि एक सशक्त, समृद्ध एवं समावेशी झारखंड का निर्माण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *