सट्टेबाजी की चमक के पीछे काली कमाई! ED की बड़ी कार्रवाई, कांग्रेस नेता की बेटी नेहा शर्मा की 1.26 करोड़ की संपत्ति जब्त
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। ऑनलाइन सट्टेबाजी के जाल में फंसी सेलेब्रिटी दुनिया पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) का शिकंजा कसता जा रहा है। शुक्रवार को ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध बेटिंग एप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कई नामी चेहरों की संपत्तियां जब्त कीं। इस सूची में पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह, बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद और अभिनेत्री नेहा शर्मा का नाम भी शामिल है।
नेहा शर्मा, बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अजीत शर्मा की बेटी हैं। ED ने उनकी 1.26 करोड़ रुपए की संपत्ति को अस्थायी रूप से जब्त कर लिया है। एजेंसी का आरोप है कि नेहा ने प्रतिबंधित सट्टेबाजी एप 1xBet का प्रचार किया और इसके बदले मिली रकम को मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए हासिल किया गया।
ED की पूछताछ, PMLA के तहत दर्ज हुए बयान
सूत्रों के मुताबिक, नेहा शर्मा को नवंबर में ED ने समन भेजा था। इसके बाद 2 दिसंबर को दिल्ली स्थित कार्यालय में उनसे लंबी पूछताछ की गई।
प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत उनके बयान दर्ज किए गए। माना जा रहा है कि वह कुछ एंडोर्समेंट डील्स के जरिए बेटिंग एप से जुड़ी थीं। ED की इस कार्रवाई में केवल नेहा शर्मा ही नहीं, बल्कि युवराज सिंह, सोनू सूद समेत कई अन्य सेलेब्रिटीज की संपत्तियां भी जब्त की गई हैं। कुल मिलाकर जब्त की गई संपत्तियों की अनुमानित कीमत 1,000 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है।
1xBet: विदेश से चला, भारत में बैन
1xBet एक साइप्रस स्थित ऑनलाइन बेटिंग कंपनी है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2007 में हुई थी। यह प्लेटफॉर्म दुनिया भर के खेल आयोजनों पर सट्टा लगाने की सुविधा देता है और 70 से ज्यादा भाषाओं में उपलब्ध है। हालांकि भारत में यह एप और वेबसाइट प्रतिबंधित हैं। जांच एजेंसियों का आरोप है कि कंपनी ने अवैध तरीके से करोड़ों रुपए की कमाई की, टैक्स चोरी की और आम लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
ऑनलाइन सट्टा: युवाओं के लिए बड़ा खतरा
सरकार पहले ही ऑनलाइन बेटिंग एप्स को लेकर गंभीर चिंता जता चुकी है। केंद्र सरकार के मुताबिक, इन एप्स की वजह से लोग मानसिक तनाव और भारी आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं। कई मामलों में लोग अपनी जीवन भर की बचत गंवा चुके हैं, जबकि कुछ घटनाओं में आत्महत्या तक की खबरें सामने आई हैं।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संसद में बताया था कि ‘ऑनलाइन मनी गेम्स समाज में नशे जैसी समस्या पैदा कर रहे हैं। करीब 45 करोड़ लोग इससे प्रभावित हैं और मिडिल क्लास परिवारों को लगभग 20,000 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।’ विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भी इसे Gaming Disorder के रूप में मान्यता दे चुका है।
चुनावी मंच से जांच एजेंसी तक
नेहा शर्मा हाल ही में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान सुर्खियों में थीं। उन्होंने भागलपुर में अपने पिता अजीत शर्मा के समर्थन में रोड शो किया था। ओपन जीप में सवार होकर उन्होंने मतदाताओं से कांग्रेस और महागठबंधन के पक्ष में वोट करने की अपील की थी। नेहा ने कहा था कि उनके पिता ने शहर के विकास के लिए कई काम किए हैं।
हालांकि चुनावी नतीजों में अजीत शर्मा को हार का सामना करना पड़ा और भाजपा नेता रोहित पांडेय विधायक बने।



