जेपीएससी में कथित अनियमितताओं के खिलाफ भाजयुमो का मशाल जुलूस निकाल , युवाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रखने की कही बात

रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग में कथित अनियमितताओं के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा रांची महानगर के नेतृत्व में मंगलवार को राजधानी रांची में विशाल मशाल जुलूस एवं प्रदर्शन आयोजित किया गया। जयपाल सिंह स्टेडियम से शुरू हुआ यह जुलूस अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचा, जहां प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र और युवा इस आंदोलन में शामिल हुए तथा “युवाओं के अधिकार” और “भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष” के नारे लगाए।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने आरोप लगाया कि जेपीएससी की कार्यप्रणाली लगातार सवालों के घेरे में रही है और आयोग भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने में विफल रहा है। उन्होंने कहा कि सूचना का अधिकार (आरटीआई) के तहत अभ्यर्थियों द्वारा उत्तरपुस्तिकाओं की प्रतियां मांगे जाने के बावजूद आयोग उन्हें उपलब्ध नहीं करा रहा है। साथ ही उन्होंने नियमित परीक्षा कैलेंडर जारी करने, सभी परीक्षाओं के कट-ऑफ अंक सार्वजनिक करने तथा चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने की मांग की।
शशांक राज ने कहा कि जब आयोग समय पर परीक्षाएं आयोजित नहीं कर पा रहा है, तब अभ्यर्थियों की आयु सीमा में कटौती करना युवाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष है, तो सरकार और आयोग को सभी तथ्यों को सार्वजनिक कर युवाओं के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भाजयुमो राज्य के युवाओं के हितों से जुड़े हर मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाता रहेगा।
भाजयुमो रांची महानगर जिलाध्यक्ष रोमित नारायण सिंह ने कहा कि जेपीएससी से जुड़ी कथित अनियमितताओं ने प्रतियोगी छात्रों का भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि मशाल जुलूस केवल विरोध नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के न्याय की मांग का प्रतीक है। कार्यक्रम में वरुण साहू, सुबोध सिंह, मनीष दुबे, प्रिंस कुमार, बलराम सिंह, राजू सिंह, संकेत तिवारी, देवराज सिंह, सचिन साहू, राहुल सिन्हा, तरुण दास, अमित दुबे, विक्रम साहू सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *