बीजेपी कल काला दिवस मनाएगी व 15 को पूरे राज्य में होगा प्रदर्शन

पटना: भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बर्बरता से लाठी चार्ज किया, जिससे एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई। लाठी चार्ज डाकबंगला चौराहा पर तब हुआ जब भाजपा नेताओं के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का विधानसभा मार्च गांधी मैदान से चलकर डाकबंगला पहुंचा था। लाठी चार्ज के विरोध में भाजपा ने कल शुक्रवार को काला दिवस मनाने व शनिवार को पूरे राज्य में प्रदर्शन का ऐलान किया है।
इस पुलिस लाठीचार्ज में बीजेपी के कई कार्यकर्ताओं को काफी चोट लगी है। लाठीचार्ज के दौरान कई कार्यकर्ताओं के सिर से खून गिरता दिखा। इसके अलावा पुलिस द्वारा बीजेपी कार्यकर्ताओं के विधानसभा मार्च को रोकने के लिए उन पर पानी की बौछार भी की गयी। इसके विरोध में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को काला दिवस मनाने का ऐलान किया है। साथ ही 15 जुलाई शनिवार को पूरे राज्य में प्रदर्शन करेगी। सम्राट ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने भाजपा नेता की हत्या के नीतीश कुमार को जिम्मेदार बताया।
सम्राट ने कहा कि मैं सीधा आरोप लगा रहा हूं, आज हमारे कार्यकर्ता की हत्या की गई है। अभी पोस्टमार्टम कहां हुआ है, अभी होगा तब पता चलेगा। भाजपा के कार्यकर्ता की नीतीश कुमार ने हत्या की है। पार्टी इसकी निंदा करती है। जब से ममता दीदी के संरक्षण में आए हैं, तब से ये हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह आज जंगलराज रिटर्न था। जंगलराज की उत्पत्ति लालू यादव ने की थी, आज नीतीश कुमार और तेजस्वी ने जंगलराज रिटर्न किया है।पुलिस पिटाई में कई नेता और कार्यकर्ता घायल हो गए। वहीं, एक बीजेपी नेता की मौत हो गई। पुलिस के लाठीचार्ड में भाजपा सांसद जनार्दन सिग्रीवाल को भी चोट आई है। जनार्दन सिंह सिग्रीवाल IGIMS के प्राइवेट वार्ड 1 में एडमिट हैं।
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि आज हमारे सैकड़ों-हजारों कार्यकर्ता घायल हुए हैं। वाई+केटेगरी की सुरक्षा प्राप्त सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल आज अस्पताल में भर्ती हैं। यह लोकतंत्र की हत्या है। नीतीश कुमार को हिम्मत नहीं है कि उपमुख्यमंत्री से इस्तीफा मांग सकें। बीजेपी इसका हिसाब लेगी। जैसे ही महामहिम राज्यपाल बिहार आएंगे, उनसे हम मिलेंगे। सरकार से जवाब मांगेंगे कि आपने लाठी क्यों चलाई? हम तो शांतिपूर्ण मार्च कर रहे थे, जिसकी सूचना हमने एक हफ्ते पहले दी थी और रास्ता भी बताया था, तब भी हमारे ऊपर लाठीचार्ज किया गया। हमारे जो वीर साथी शहीद हुए हैं। इस अपराध के खिलाफ हम शनिवार को पूरे प्रदेश में धरना देंगे।
सम्राट चौधरी ने कहा कि शिक्षक संघ को तो हमने बुलाया ही नहीं। वो स्वतंत्र हैं। हमने बस दस लाख नौकरी देने वाले मुद्दे को उठाया था। एक व्यक्ति को नौकरी नहीं दिया गया है। आज विजय सिंह की जो हत्या हुई है, उनके परिवार को हम दस लाख रुपए देंगे और पूरे परिवार को गोद लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *