बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन का रांची से गहरा रिश्ता, अध्यक्ष बनने के बाद दूसरी बार पहुंचे राजधानी

रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन छह महीने के भीतर दूसरी बार रांची पहुंचे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका झारखंड दौरा राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। हालांकि नितिन नबीन की राजनीतिक कर्मभूमि बिहार रही है, लेकिन रांची से उनका रिश्ता काफी पुराना और व्यक्तिगत है। यही वजह है कि राजधानी रांची उनके लिए सिर्फ एक राजनीतिक पड़ाव नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव वाला शहर भी है।
नितिन नबीन का जन्म रांची के कांके क्षेत्र स्थित अरसंडे में उनके चाचा के घर हुआ था। उनके जीवन के शुरुआती दौर में भी रांची की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने रांची स्थित बीआईटी मेसरा से इंजीनियरिंग की पढ़ाई शुरू की थी। हालांकि पिता के निधन के बाद पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उन्हें अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी। इसके बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति की राह पकड़ी और बिहार में अपनी राजनीतिक पहचान बनाई।
रांची से नितिन नबीन का रिश्ता उनके निजी जीवन से भी जुड़ा हुआ है। उनकी शादी रांची के अशोक नगर में दीपमाला श्रीवास्तव से हुई थी। इस तरह रांची उनके जीवन के तीन महत्वपूर्ण पड़ावों—जन्म, शिक्षा और वैवाहिक जीवन—से जुड़ा शहर रहा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का छह महीने के भीतर दूसरी बार रांची पहुंचना इसलिए भी खास है, क्योंकि झारखंड में भाजपा संगठन को मजबूत करने और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद की दृष्टि से उनके दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके अलावा गिरिडीह उप चुनाव पर भी मंथन होना है। बिहार से राजनीतिक सफर शुरू करने वाले नितिन नबीन के लिए झारखंड, खासकर रांची, व्यक्तिगत यादों और राजनीतिक जिम्मेदारियों का अनोखा संगम है। ऐसे में उनके रांची दौरे पर राजनीतिक गतिविधियों के साथ उनके पुराने रिश्तों की भी चर्चा होना स्वाभाविक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *