भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री आशा लकड़ा पहुंची रांची,एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत

रांची: भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री बनने के बाद डॉ. आशा लकड़ा पहली बार मंगलवार को नई दिल्ली से रांची पहुंची। इस दौरान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। राष्ट्रीय मंत्री के स्वागत के लिए लगभग पांच सौ की संख्या में कार्यकर्ता बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे थे। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने डॉ. आशा लकड़ा को राष्ट्रीय मंत्री बनने पर बधाई व शुभकामनाएं दी। इसके बाद डॉ. आशा लकड़ा कार्यकर्ताओं के साथ दीनदयाल नगर स्थित अपने आवास पहुंची। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से नई जिम्मेदारी दी गई है, जिसका निर्वहन ईमानदारी व निष्ठा पूर्वक करूंगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के नेतृत्व में बेहतर कार्य करने का प्रयास करूंगी। झारखंड के वर्तमान हालात पर उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार के कार्यकाल में आदिवासियों का शोषण हो रहा है। आदिवासी महिलाएं व युवतियां दुष्कर्म की शिकार हो रही हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद इस राज्य के गृह मंत्री भी हैं, लेकिन उनके शासन में आदिवासी समाज के लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। आदिवासी सीएम होने के बावजूद समाज के लोग खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं। आने वाले समय में राज्य की जनता उन्हें जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *