झारखण्ड और छत्तीसगढ़ को भाजपा ने बनाया है भाजपा ही संवारेगी: नेता प्रतिपक्ष

रांची: भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता एवं नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी को मिले नए दायित्व की खुशी में मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा, झारखण्ड प्रदेश के द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में संगठन महामंत्री, झारखण्ड कर्मवीर सिंह मुख्य रुप से उपस्थित हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी, बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं वंदे मातरम् गीत के साथ हुई। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, सभी मोर्चा के पदाधिकारी एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने नेता विधायक दल अमर कुमार बाउरी को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ, पुस्तक, प्रतिमा आदि दे कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्मवीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश को जोड़ने का काम कर रही है। यही कारण है कि आज पुरा विश्व भारत को सम्मान की नजर से देख रहा है। भारतीय जनता पार्टी को उद्देश्य सत्ता प्राप्ति नही है बल्की सत्ता के माध्यम से देश का विकास करना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास के मूलमंत्र के साथ देश का विकास कर रहे है। देश का विकास कोई एक व्यक्ति नहीं कर सकता इसके लिए सभी को प्रयास करने की जरुरत है। झारखण्ड और छ्त्तीसगढ़ को भाजपा ने बनाया है और इन राज्य को भाजपा ही संवारेगी। भाजपा किसी जाति धर्म के आधार पर देश का निर्माण नही कर रही है बल्कि सभी को साथ लेकर देश को विश्व गुरु बनाने का प्रयास कर रही है। भाजपा 18 करोड़ से अधिक की पार्टी है और सभी शीर्ष के नेता नहीं बन सकते। इसलिए पार्टी ने जो दायित्व कार्यकर्ताओं को दिया है उसे इमानदारी के साथ पुरा करें।
उन्होंने कहा कि जो कार्य 9 वर्ष में केन्द्र सरकार ने और झारखण्ड के पिछले भाजपा की सरकार ने कार्य किया है उसे आगे बढ़ाते रहना है। ताकि देश फिर से पिछड़े नहीं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के साथ कंधे से कंधा मिला कर सरकार को उखाड़ना है और राज्य और देश में एक बार फिर से 2024 में भाजपा की सरकार को लाना है।
कार्यक्रम में अपने संबोधन में अमर कुमार बाउरी ने कहा कि हमें गर्व है कि हम सभी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के सदस्य हैं। बाबा साहेब के द्वारा दिये गये संविधान को देश में क्रियान्वित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश की बागडोर संभालने के बाद से ही शुरु हुआ। श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी ने जब प्रधानमंत्री का पद संभाला तो उन्होंने देश के ग्रामीण क्षेत्र में सड़कों का निर्माण करवाया, सर्व शिक्षा अभियान के तहत छात्रों को शिक्षा से जोड़ा। ऐसे ही कार्य आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी योजनाओं के माध्यम से कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश की जनता ने जब से कमल के निशान पर वोट दिया है तब से देश की जनता को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख का स्वास्थ्य बीमा, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत के पक्के मकान, नल जल योजना के तहत हर घर में शुद्ध पेय जल, किसानों को सम्मान निधि के माध्यम से कृषि के लिए प्रोत्साहित, युवाओं को स्वरोजगार एवं रोजगार उपलब्ध करना आदि कई ऐसी योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि यह पहली बार हो रहा जब कोई प्रधानमंत्री धरती आबा भगवान बिरसा मुडा को नमन करने के लिए झारखण्ड की धरती पर आ रहे है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को गेट वे हमारी पार्टी के सात मोर्चा है और सभी मोर्चा देश में अंत्योदय की योजना को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम कर रही है। भाजपा ने मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता को नेता प्रतिपक्ष के दायित्व को देकर भरोसा दिया है तो मैं इस दायित्व को पूर्ण रुप से निर्वहन करने की कोशिश करुंगा।
उन्होंने अपने इस नये दायित्व के लिए मंच से केन्द्र एवं प्रदेश नेतृत्व को धन्यवाद दिया और पार्टी एवं जनता को आश्वस्त किया कि वर्तमान सरकार के उन सभी कार्यों के खिलाफ अपनी आवाज को बुलंद करुंगा, जिस कारण राज्य के युवा, महिला, गरीब, दलित को नुकसान हुआ है। इस सरकार को उखाड़ फेकने का काम भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मिल कर करेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी दायित्व दे उसे इमानदारी के साथ निर्वहन करें क्योंकि भारतीय जनता पार्टी ही एक मात्र ऐसी पार्टी है जो परिवार वाद नहीं करती बल्की इमानदारी और कार्य को प्राथमिकता देती है।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों से झारखण्ड विधान सभा ने नेता प्रतिपक्ष के नाम पर बाबूलाल मरांडी को मान्यता नहीं दी। जिस कारण राज्य की सवा तीन करोड़ जनता की आवाज प्रमुखता से झारखण्ड विधानसभा के पटल पर नहीं रखा जा सका। जिसका सीधा खामियाजा राज्य की जनता को हुआ।
उन्होंने कहा कि अब जब भारतीय जनता पार्टी के केन्द्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व ने मुझे नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी दी है तो मैं राज्य की सवा तीन करोड़ जनता को यह आश्वस्त करता हूं कि उनकी आवाज और उनके अधिकार को संवैधानिक रुप से सदन के पटल पर रखूंगा।
एक सवाल के जवाब में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य की जनता ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में वर्तमान सरकार के कार्यकाल को देख लिया है और यह जान गयी है कि सरकार राज्य हित में किसी भी प्रकार की कोई भी राज्य और केन्द्र की योजनाओं को राज्य में लागु नहीं कर रही है। क्योंकि राज्य सरकार नहीं चाहती है कि राज्य की जनता का विकास हो। सरकार सिर्फ अपनी ही तिजोरी को भरनें में लगी हुई है। लेकिन अब यह संभव नहीं है क्योंकि भारतीय जनता पार्टी अब जनता की आवाज को सदन से लेकर सड़क तक उठाने का काम करेगी।
कार्यक्रम में सभी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।
आज के कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री बालमुकुन्द सहाय, प्रेदश प्रवक्ता सरोज सिंह एवं अविनेश सिंह, सभी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रमंडलीय प्रभारी एवं अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *