विपक्षी एकता की बैठक के खिलाफ दिल्ली में बिहार भाजपा की रणनीति, नड्डा व शाह आएंगे

पटना : बिहार भाजपा कोर ग्रुप की बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायतीराज मंत्री गिरिराज सिंह के आवास पर बैठक हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों व कार्यक्रमों को सफल बनाने पर मुहर लगी। साथ ही बैठक में देश में विपक्षी एकता को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में 23 जून को पटना में होने वाली बैठक के खिलाफ भाजपा रणनीति पर भी नेताओं ने मंथन किया। भाजपा की कोशिश है कि हर दृष्टिकोण और राजनीतिक दांव-पेंच के साथ महागठबंधन को घेरा जाए।
इसके अलावा पार्टी समर्थकों के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को भी उत्साहित रखने में यह पहल संदेश परक साबित होगी। इसके तहत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 24 और गृह मंत्री अमित शाह 29 जून को बिहार आएंगे।
बिहार भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बताया कि मुख्य रूप तीन बिंदुओं पर कोर ग्रुप ने विचार विमर्श किया। इसमें सबसे अहम निर्णय यह रहा कि 24 जून को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा लोकसभा प्रवास कार्यक्रम के तहत झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र के झंझारपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन करने बिहार आएंगे। इसी तरह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 29 जून को लोकसभा प्रवास कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के लखीसराय आएंगे।
इससे पहले 20 से 30 जून के बीच पार्टी के सभी सांसद, विधायक और एमएलसी अपने-अपने क्षेत्र के एक बूथ पर जाकर कार्यकर्ताओं के साथ मोदी सरकार की नौ साल की उपलब्धियों को स्थानीय लोगों के साथ साझा करेंगे।
बिहार से ये हुए शामिल
दिल्ली में संपन्न हुई कोर ग्रुप की बैठक में बिहार भाजपा के प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, बिहार भाजपा विधानमंडल दल के नेता विजय सिन्हा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के अलावा पूर्व मंत्री मंगल पांडेय शामिल हुए। साथ ही प्रदेश संगठन महामंत्री भीखुभाई दलसानिया, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ और बिहार के सहप्रभारी सुनील भाई ओझा उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *