भागलपुर में रेल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अलीनगर में छापेमारी, लूटपाट गिरोह का भंडाफोड़
भागलपुर। रेल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूटपाट और झपटमारी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। बुधवार को रेल एसपी विद्यासागर के नेतृत्व में आरपीएफ, जीआरपी, सीआईबी और सीपीडीएस की संयुक्त टीम ने स्टेशन से कुछ ही दूरी पर स्थित अलीनगर इलाके में छापेमारी की। इस दौरान गिरोह के ठिकानों से भारी मात्रा में लूट का सामान और हथियार बरामद किए गए।
छापेमारी के दौरान दो छोटे और एक बड़ा ट्रॉली बैग, यात्रियों से लूटे गए दर्जनों मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, कई आधार कार्ड और तीन पासबुक बरामद किए गए। इसके अलावा दो देशी पिस्टल, चार देशी कट्टे, छह धारदार हथियार, दो रामपुरी चाकू और नशीले पदार्थ मापने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन भी पुलिस ने जब्त की है।
रेल एसपी विद्यासागर ने बताया कि सोमवार को भागलपुर रेलवे स्टेशन से सूरत एक्सप्रेस ट्रेन खुलने के तुरंत बाद स्टेशन से करीब 100 मीटर दूर एक अपराधी ने महिला यात्री के गले से चेन झपट ली और भागने लगा। महिला के साथ यात्रा कर रहे एक युवक ने चलती ट्रेन से कूदकर अपराधी का पीछा किया। पीछा करते हुए वह अपराधी के मोहल्ले तक पहुंच गया और इसकी सूचना आरपीएफ और जीआरपी को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीम बनाकर अलीनगर में मोहम्मद जलाल, मोहम्मद लाल बाबू, मोहम्मद कलीम और मोहम्मद नाढा मियां के घरों पर छापेमारी की। रेल एसपी के अनुसार नाढा मियां पहले से कई मामलों में फरार चल रहा है और उसके नेतृत्व में करीब 12 सदस्यों का गिरोह सक्रिय है।
फिलहाल पुलिस दो आरोपियों की पत्नियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। रेल एसपी ने इसे रेलवे की बड़ी कार्रवाई बताते हुए कहा कि इस ऑपरेशन में शामिल आरपीएफ और जीआरपी की टीम को पुरस्कृत करने की सिफारिश की जाएगी।



