डोरंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1400 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो सगे भाई गिरफ्तार

रांची: राजधानी के डोरंडा थाना क्षेत्र से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ डोरंडा थाना पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भारी मात्रा में ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आपको बता दें कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर पूरे राज्य में नशे के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को सख्त हिदायत दी गई है कि जहाँ भी नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री हो रही है, वहाँ तुरंत लगाम कसी जाए। इसी क्रम में डोरंडा थाना प्रभारी दीपिका के नेतृत्व में पुलिस लगातार डोरंडा इलाके में सक्रिय नशा माफियाओं पर शिकंजा कस रही थी, जिसके बाद यह बड़ी सफलता हाथ लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार, डोरंडा थाना पुलिस को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस टीम ने कुसई घाघरा स्थित सच्चिदानंद स्कूल के पास छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने करीब 1400 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है।
इस धंधे में शामिल दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया गया है, जो मूल रूप से चुटिया इलाके के रहने वाले हैं। पकड़े गए आरोपियों के में नरेश और महेश है।
पुलिस के मुताबिक, ये दोनों भाई पिछले काफी समय से डोरंडा और आस-पास के इलाकों में ब्राउन शुगर की सप्लाई का धंधा कर रहे थे। पुलिस को लंबे समय से इनकी तलाश थी और देर रात की गई इस छापेमारी में दोनों को दबोच लिया गया।
इस बड़ी बरामदगी के बाद डोरंडा थाना पुलिस अब मामले की हर एंगल से जाँच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में ब्राउन शुगर कहाँ से लाई जा रही थी और राँची के युवाओं तक इसे पहुँचाने के इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस रैकेट से जुड़े अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *