रांची में डूरंड कप की तैयारियां तेज, 26 जुलाई से होगा फुटबॉल का महाकुंभ
रांची: राजधानी रांची में आयोजित होने वाले डूरंड कप के 135वें संस्करण की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 26 जुलाई से 16 अगस्त तक मोरहाबादी स्थित बिरसा मुण्डा फुटबॉल स्टेडियम में होने वाले इस प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट को लेकर सोमवार को धुर्वा स्थित एफएफपी बिल्डिंग में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। फायर सेफ्टी, स्टेडियम की ब्रांडिंग, खिलाड़ियों एवं अतिथियों के आवास, आमंत्रण पत्र वितरण, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सभी तैयारियां तय समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
सचिव ने मैचों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा। वहीं रांची नगर निगम को स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
टूर्नामेंट के प्रति लोगों में उत्साह बढ़ाने के लिए भारतीय थल सेना 18 जुलाई को रांची में ट्रॉफी टूर का आयोजन करेगी। इस दौरान डूरंड कप की ट्रॉफी शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता से जुड़ सकें।
बैठक में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य, ऊर्जा, खेल प्राधिकरण, पर्यटन, संस्कृति एवं सूचना-जनसंपर्क विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि रांची में आयोजित यह टूर्नामेंट न केवल राज्य की खेल संस्कृति को नई पहचान देगा, बल्कि फुटबॉल के प्रति युवाओं का आकर्षण भी बढ़ाएगा।
बैठक में नगर आयुक्त सुशांत गौरव, खेल निदेशक छवि रंजन, सेना के नोडल पदाधिकारी कर्नल हेम चंद्रा, मेजर आनंद, ऊर्जा विभाग के कार्यपालक अभियंता जयकांत कुमार, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, झारखंड खेल प्राधिकरण के कार्यपालक अभियंता सहित विभिन्न विभागों एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


