मोमेंटम झारखंड की सबसे बड़ी ‘री-पैकेजिंग’ करने वाली भाजपा आज झूठ का नया पैकेज बेच रही है : राकेश सिन्हा

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि जिस भाजपा ने ‘मोमेंटम झारखंड’ के नाम पर लाखों करोड़ रुपये के निवेश का ढिंढोरा पीटा और राज्य की जनता को सपने दिखाकर ठगा, वही आज निवेश पर ज्ञान बांट रही है। भाजपा को पहले अपने शासनकाल के उन लाखों करोड़ रुपये के निवेश का हिसाब देना चाहिए जो कभी धरातल पर नहीं उतर सके।
सिन्हा ने कहा कि भाजपा की राजनीति अब पूरी तरह झूठ, भ्रम और नकारात्मकता पर आधारित हो चुकी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में निवेश, उद्योग और रोजगार को लेकर जो सकारात्मक माहौल बना है, उससे भाजपा बुरी तरह घबरा गई है। यही कारण है कि वह हर निवेश, हर उद्योग और हर विकास कार्य में भी राजनीति तलाश रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं को यह भी मालूम होना चाहिए कि निवेश की प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होती है। एमओयू, निवेश प्रस्ताव, परियोजना स्वीकृति, भूमि आवंटन, वैधानिक अनुमति और उत्पादन शुरू होना अलग-अलग चरण हैं। किसी निवेश की प्रगति की जानकारी देना कोई “री-पैकेजिंग” नहीं, बल्कि प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है। लेकिन भाजपा जानबूझकर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जनता को भ्रमित करने का असफल प्रयास कर रही है।
उन्होंने ने कहा कि भाजपा न्यूक्लियर पावर परियोजना पर सवाल उठा रही है , जबकि केंद्र में उनकी ही सरकार बैठी है। यदि परमाणु ऊर्जा परियोजना के लिए केंद्र की अनुमति आवश्यक है, तो भाजपा यह बताए कि क्या उसकी सरकार झारखंड के विकास में सहयोग करेगी या केवल राजनीति के कारण राज्य के हितों को रोकने का काम करेगी? भाजपा राज्य के विकास की भागीदार बने या फिर यह स्वीकार कर ले कि उसकी राजनीति केवल विकास रोकने की राजनीति है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को झारखंड में निवेश नहीं, बल्कि अपना राजनीतिक भविष्य डूबता हुआ दिखाई दे रहा है। इसलिए वह हर सकारात्मक पहल पर झूठ का धुआं फैलाने में लगी हुई है। भाजपा के शासन में न उद्योग लगे, न युवाओं को रोजगार मिला, न पलायन रुका। उल्टे कई उद्योग बंद हुए और हजारों युवाओं को दूसरे राज्यों में रोजगार की तलाश में जाना पड़ा। आज जब हेमंत सरकार उद्योगों को आकर्षित कर झारखंड को नई आर्थिक दिशा देने का काम कर रही है, तब भाजपा को यह रास नहीं आ रहा है।
सिन्हा ने कहा कि भाजपा यदि वास्तव में झारखंड की हितैषी है तो केंद्र सरकार से आग्रह करे कि राज्य से जुड़े सभी औद्योगिक प्रस्तावों और परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति दे। केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भ्रम फैलाने से न उद्योग लगेंगे और न युवाओं को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा को यह याद रखना चाहिए कि झारखंड की जनता अब विज्ञापन, जुमलों और खोखले दावों से नहीं, बल्कि जमीन पर दिखने वाले विकास से फैसला करती है। कांग्रेस पार्टी और हेमंत सोरेन सरकार राज्य में निवेश, रोजगार और औद्योगिक विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी, जबकि भाजपा झूठ और भ्रम की राजनीति में ही उलझी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *