पूर्व शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी ने मंत्री पद की शपथ ली..

रांची: पूर्व शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी महतो ने सोमवार को राजभवन में मंत्री पद की शपथ ली है।  राज्यपाल डॉ सीपी राधाकृष्णनन ने उन्हें मंत्री पद की शपथ दिलायी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बेबी देवी को मंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
अप्रैल महीने में जगरनाथ महतो का निधन हुआ था। इसके बाद से ही शिक्षा समेत कई विभाग का मंत्री पद खाली था। अब बेबी देवी के शपथ ग्रहण के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। राज्य के शिक्षा मंत्री रहे जगरनाथ महतो डुमरी विधानसभा क्षेत्र से लगातार झामुमो के चार बार विधायक रहे। जगरनाथ महतो की छह अप्रैल 2023 को असामयिक मृत्यु के बाद डुमरी विधानसभा सीट रिक्त हो गयी थी।

इस विधानसभा क्षेत्र में छह अक्तूबर से पहले उपचुनाव होना है जहां से ऐसा समझा जाता है कि बेबी देवी झामुमो उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरेंगी। बेबी ने यहां मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वह अपने पति जगरनाथ महतो के अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए दिन रात काम करेंगी।

झारखंड में 81 सदस्यीय विधानसभा है, जहां मंत्रिमंडल में अधिकतम 12 मंत्री हो सकते हैं, हेमंत सरकार के मंत्रिमंडल में फिलहाल मुख्यमंत्री समेत दस मंत्री हैं। ऐसा माना जा रहा है कि झामुमो चुनाव जीतने के पहले ही बेबी को मंत्री बना कर डुमरी उपचुनाव में उनकी जीत सुनिश्चित करना चाहती है। झामुमो ने यही फार्मूला हफीजुल अंसारी के लिए अपनाया था जिन्हें मधुपुर उपचुनाव से पूर्व ही राज्य मंत्रिमंडल में जगह दे दी गयी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *