भाजपा कार्यकर्ताओं के बलिदान से मिली बंगाल में जीत : बाबूलाल मरांडी
रांची: नेता प्रतिपक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत को चुनाव आयोग की मेहरबानी बताने वालों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि बंगाल में भाजपा का कमल कार्यकर्ताओं के “लहू” से सींचा गया है, किसी “सेटिंग” या EVM के सहारे नहीं।
मरांडी ने कहा कि 2011 से 2025 तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिंसा, दमन और राजनीतिक प्रताड़ना झेली। उन्होंने दावा किया कि कई कार्यकर्ताओं की हत्या हुई, गांव जलाए गए और भय का माहौल बनाया गया, लेकिन इसके बावजूद भाजपा कार्यकर्ता डटे रहे। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा की राजनीतिक यात्रा संघर्ष और बलिदान की कहानी है।
उन्होंने अपने पोस्ट में 2011 में 1 विधायक से लेकर 2021 में 77 विधायक और 2026 में पूर्ण बहुमत तक पहुंचने का उल्लेख करते हुए इसे कार्यकर्ताओं की तपस्या का परिणाम बताया। मरांडी ने कहा कि भाजपा की जीत को चुनाव आयोग की मेहरबानी बताना उन कार्यकर्ताओं और परिवारों का अपमान है जिन्होंने लोकतंत्र और सत्ता परिवर्तन के लिए अपना सबकुछ न्योछावर कर दिया।



