मुरहू में एयरटेल का नेटवर्क खराब,उप प्रमुख ने विभाग को लिखा पत्र

रांची: खूंटी जिले के मुरहू क्षेत्र में एयरटेल नेटवर्क की खराब स्थिति और इंटरनेट सेवा में लगातार आ रही समस्याओं को लेकर प्रखंड के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने एयरटेल प्रबंधन को पत्र लिखा है। उन्होंने नेटवर्क की समस्या का स्थायी समाधान करने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने की मांग की है।
अरुण कुमार साबू ने पत्र में कहा है कि मुरहू क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बाद एयरटेल की तकनीकी टीम ने क्षेत्र का दौरा किया और पुराने उपकरणों को बदलकर नेटवर्क सुधारने का प्रयास किया। इसके बावजूद समस्या बनी हुई है। क्षेत्र के कई गांवों और घनी आबादी वाले इलाकों में उपभोक्ताओं को नेटवर्क की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उप प्रमुख ने जिला प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप करने और एयरटेल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है। उन्होंने कंपनी से नेटवर्क टावरों की क्षमता, कवरेज और तकनीकी उपकरणों की जांच कराकर प्रभावित क्षेत्रों में जल्द सुधार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होना चिंताजनक है। कंपनी को उपभोक्ताओं की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए नेटवर्क सेवा दुरुस्त करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *