कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने खूंटी प्रखंड कार्यालय में लगाया जनता दरबार,सैकड़ों लोगों की समस्याओं का किया समाधान

खूंटी: खूंटी प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को झारखंड सरकार की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने जनता दरबार का आयोजन किया। इस अवसर पर उपायुक्त आर. रॉनिटा एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्योति कुमारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री का स्वागत किया। जनता दरबार में खूंटी जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों, किसानों और आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में सबसे अधिक आवेदन कृषि से जुड़े विषयों पर प्राप्त हुए। ग्रामीणों ने दीप बोरिंग, सिंचाई सुविधा, कृषि यंत्र, बीज, खाद, कीटनाशक तथा किसानों की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने को लेकर आवेदन दिए। कई किसानों ने खेतों में पानी की कमी, उपकरणों के अभाव और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिलने की शिकायत की। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने एक-एक आवेदन को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का शीघ्र समाधान किया जाए।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार संवेदनशील है और जनसमस्याओं का समाधान करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार का लक्ष्य है कि योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि पहले जनता दरबार केवल राजधानी रांची में आयोजित किया जाता था, जिससे सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए वहां पहुंचना कठिन होता था। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने निर्णय लिया है कि अब सभी प्रखंड कार्यालयों में जनता दरबार लगाया जाएगा, ताकि लोग अपने ही क्षेत्र में अपनी बात रख सकें।
उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में आज खूंटी प्रखंड कार्यालय में जनता दरबार आयोजित किया गया है। मात्र दो घंटे में उन्होंने लगभग पचास लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान की दिशा में पहल की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी आवेदक को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े और सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता दरबार में उमड़ी भीड़ यह दर्शाती है कि लोग सरकार की इस पहल से आशान्वित हैं और अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर भरोसा जता रहे हैं।
इस अवसर पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *