जीर्णोद्धार के बाद पंचायत सचिवालय में हुआ पूजन, प्रमुख और मुखिया ने कॉमन सर्विस सेंटर का किया उद्घाटन

रजरप्पा के सेवई उत्तरी स्थित पंचायत सचिवालय परिसर का जीर्णोद्धार किया गया है। जीर्णोद्धार के बाद बुधवार को पंचायत सचिवालय परिसर में विधिवत रूप से पूजन किया गया। इस दौरान मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित सेवई उत्तरी पंचायत के मुखिया कुलदीप सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूरे विधि-विधान से हवन एवं पूजन किया। इसके साथ ही यहां उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूजन का कार्यक्रम संपन्न होने के पश्चात पंचायत सचिवालय परिसर में कॉमन सर्विस सेंटर का भी उद्घाटन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित चितरपुर प्रखंड की प्रमुख द्रौपदी देवी एवं सेवई उत्तरी पंचायत के मुखिया कुलदीप सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कॉमन सर्विस सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया। प्रमुख ने कहा कि पंचायत सचिवालय परिसर में कॉमन सर्विस सेंटर का उद्घाटन होने से पंचायत क्षेत्र के लोगों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी सहित डिजिटल सेवा से संबंधित कार्यों में सुविधा होगी। वहीं मुखिया कुलदीप सिंह ने कहा कि पंचायत सचिवालय परिसर का जीर्णोद्धार कराकर लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां कॉमन सर्विस सेंटर खोला गया है, ताकि लोगों को सुविधा हो सके। उन्होंने बताया कि पंचायत क्षेत्र के लोगों की सुविधा हेतु पंचायत सचिवालय परिसर में टीकाकरण केंद्र की भी व्यवस्था की गई है। साथ ही आने वाले समय में यहां और भी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुखिया ने बताया कि सेवई उत्तरी स्थित पंचायत सचिवालय को मॉडल रूप देना हमारी प्राथमिकता है, इसी दिशा में हमारा प्रयास जारी है। इससे पूर्व महिलाओं ने माला पहनाकर प्रमुख द्रोपति देवी का स्वागत किया। इस अवसर पर मुखिया कुलदीप सिंह की धर्मपत्नी रेखा सिंह, वार्ड सदस्य ताहीद अंसारी, पार्वती देवी, जयंती देवी, मालती देवी, मीरा दास, जलसहिया रोमा पोद्दार, कॉमन सर्विस सेंटर के संचालक अमित तांती के अलावे गणेश साहू, प्रकाश यादव, सुनील कुमार, नवीन कुमार, ज्योति प्रकाश सिन्हा, विक्की कुमार, कुंदन कुमार मिश्रा, श्वेता मिश्रा, कविता देवी, साथी घोषाल, बबली घोषाल, उर्मिला सिंह, गिरजा देवी सहित कई लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *