मुरहू थाना के टॉयलेट में फांसी लगाकर एक व्यक्ति ने दी जान,लकड़ी से छेड़छाड़ का था आरोपी

गणादेश,रांची : खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना घटी। यहां मेराल गांव निवासी राहुल मांझी (45) ने थाना परिसर के टॉयलेट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार की शाम राहुल मांझी अपने बेटे के साथ माहिल गांव गया था। वहां उसने एक दुकान पर नाश्ता किया। इसी दौरान उस पर गांव की ही एक युवती से छेड़छाड़ करने का आरोप लग गया। देखते ही देखते गांव में हंगामा खड़ा हो गया। भीड़ के दबाव में राहुल किसी तरह मौके से भाग निकला और अपने घर मेराल लौट गया। लेकिन कुछ ही देर बाद माहिल गांव के लोग एक ऑटो में सवार होकर उसके घर पहुंचे और उसे पकड़कर दोबारा माहिल गांव ले गए। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई और आरोपी को मुरहू थाना सौंप दिया गया।पुलिस सूत्रों के अनुसार थाने में रखने के दौरान मंगलवार सुबह राहुल मांझी ने टॉयलेट में गमछे के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिसकर्मियों ने तुरंत घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
खूंटी एसपी मनीष टोप्पो ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतक पर युवती से छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया था। आरोपी को सोमवार देर शाम थाने में लाया गया था। मंगलवार सुबह उसने आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत से संबंधित पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
पूर्व थाने में आत्महत्या किए जाने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तहकीकात जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *