झारखंड चैंबर की बैठक में किराया वृद्धि और निबंधन शुल्क पर जताई आपत्ति
गणादेश ,रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की तीसरी कार्यकारिणी समिति की बैठक बुधवार को चैंबर भवन में अध्यक्ष तुलसी पटेल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में व्यापारियों और उद्योगों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। बाजार समितियों में दुकानों और गोदामों के किराये में एकतरफा वृद्धि पर सदस्यों ने आपत्ति जताई। चैंबर अध्यक्ष ने इस मामले में कृषि मंत्री से वार्ता करने का आश्वासन दिया।
बैठक में भूमि और भवन की खरीद-बिक्री पर निबंधन शुल्क में 10 प्रतिशत की वृद्धि पर भी चिंता जताई गई। महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि इससे आम लोगों और व्यवसायियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने विभागीय सचिव से निर्णय पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा ने गिरिडीह में नो-इंट्री के कारण औद्योगिक इकाइयों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बाईपास निर्माण और रेल सेवाएं शुरू कराने की मांग की। विनय अग्रवाल ने गोला में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना और बोकारो औद्योगिक क्षेत्र की स्थिति सुधारने का सुझाव दिया। अन्य सदस्यों ने मेदिनीनगर की यातायात व्यवस्था, धालभूमगढ़ एयरपोर्ट और नेमरा में अस्पताल व शैक्षणिक संस्थान स्थापित करने की मांग उठाई।
बैठक में बस परमिट नवीनीकरण और सिक्कों की कमी की समस्या पर भी चर्चा हुई। रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के पुनर्निर्माण के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए नामकुम और अरगोड़ा स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने का सुझाव दिया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से 75 उपसमितियों के चेयरमैन मनोनीत किए गए। अंत में स्वर्गीय योगेंद्र पोद्दार को श्रद्धांजलि दी गई।


