झारखंड में मेडिको सिटी के लिए 284 करोड़ का प्रस्ताव

रांची: झारखंड में आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। स्वास्थ्य विभाग ने झारखंड मेडिको सिटी एवं मेडिकल टूरिज्म परियोजना की आधारभूत संरचना के निर्माण के लिए ₹284 करोड़ 17 लाख 24 हजार 900 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति का प्रस्ताव मंत्रिपरिषद की मंजूरी के लिए तैयार किया है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वह पिछले दो वर्षों से इस परियोजना को लेकर लगातार काम कर रहे हैं। उनका उद्देश्य झारखंड में ऐसी आधुनिक स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करना है, जहां गरीब, आदिवासी और ग्रामीण परिवारों को भी बड़े शहरों जैसी चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।
मेडिको सिटी में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं, आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाओं, डिजिटल हेल्थ, टेलीमेडिसिन, इमरजेंसी एवं क्रिटिकल केयर और उन्नत सर्जरी जैसी सुविधाओं के विकास की संभावनाएं हैं। परियोजना की अंतिम सुविधाएं विस्तृत तकनीकी योजना और स्वीकृत डिजाइन के आधार पर तय होंगी।
मंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारी के इलाज के लिए झारखंड के मरीजों को अक्सर वेल्लोर, दिल्ली, मुंबई और चेन्नई जैसे शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे इलाज के साथ यात्रा और रहने का अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी परिवारों पर पड़ता है। मेडिको सिटी से राज्य के भीतर बेहतर उपचार विकल्प उपलब्ध कराने और दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम करने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि बेहतर इलाज किसी वर्ग विशेष का अधिकार नहीं, बल्कि हर नागरिक की जरूरत है। मेडिको सिटी झारखंड को स्वास्थ्य सेवाओं में अधिक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *