नशे का बढ़ता प्रकोप और किशोरों का अपराध की ओर बढ़ना चिंताजनक : सकलदीप भगत
खूंटी: आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक फादर बेनेडिक्ट बारला (फादर बेनी) पर हुए जानलेवा हमले के मामले में तीन नाबालिगों को निरुद्ध किए जाने पर श्योर सक्सेस कोचिंग सेंटर मुरहू के शिक्षक-सह-निदेशक सकलदीप भगत ने गहरी चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि अभिभावकों और बच्चों के बीच संवाद की कमी, बिगड़ती संगति तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति उदासीनता गंभीर चिंता का विषय है। भगवान बिरसा मुंडा की इस धरती पर, जहाँ उन्होंने हड़िया पीने तक को गलत बताया था, वहाँ आज चरस, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों का प्रसार सुदूरवर्ती गाँवों तक होना दुर्भाग्यपूर्ण है। नशे की लत में फँसकर नाबालिगों का चोरी, लूटपाट और हिंसा जैसे अपराधों की ओर बढ़ना समाज के लिए गंभीर चेतावनी है।
श्री भगत ने कहा कि बच्चों को नशे और अपराध से बचाना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। अभिभावकों को भी उनकी दिनचर्या, मित्रमंडली और व्यवहार पर सजग नजर रखनी चाहिए। दूसरे शहरों में पढ़ने वाले बच्चों के छात्रावास आने-जाने के समय और गतिविधियों की जानकारी रखना भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में व्यक्ति अपने माता-पिता के प्रति भी हिंसक हो सकता है। इसलिए पारिवारिक संवाद, उचित मार्गदर्शन और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से युवा पीढ़ी को सही दिशा देना समय की मांग है।


