आईएचएम रांची में गरबा नाइट का भव्य आयोजन, भक्तिमय माहौल में झूमे छात्र

नवरात्रि के पावन अवसर पर नवरात्रि के पहली रात पर होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम), रांची में गरबा नाइट का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान पूरा संस्थान भक्तिमय वातावरण और उत्साह से सराबोर नजर आया। यह आयोजन संस्थान के द्वितीय वर्ष के छात्रों द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने माँ दुर्गा की प्रतिमा को आकर्षक ढंग से सजाया तथा परिसर में मनमोहक रंगोली बनाया। साथ हीं संस्थान को भी रंग-बिरंगी सजावट से बेहद खूबसूरती के साथ सजाया गया था। गरबा नाइट में डांडिया स्पेशल ड्रेस थीम में छात्रों ने पारंपरिक परिधानों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस आयोजन में छात्रों ने नवरात्रि विशेष व्यंजन जैसे बर्नट् गारलिक शोरबा, आलू-साबूदाना पापड़, टिक्का पापड़ी चाट, मटर कच्चौरी, सोया छाप माखनी, दाल महारानी, साबूदाना की खिचड़ी, केले की सब्जी, मखाना का खीर, कुट्टू की छिलका और केसरिया जलेबी सहित कई स्वादिष्ट पकवान बनाया गया जिसकी उपस्थित लोगों ने खूब सराहना की।

इस सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान छात्रों और उपस्थित लोगों ने गरबा गीतों की धुन पर जमकर गरबा और डांडिया किया। इसके साथ ही म्यूजिकल चेयर सहित विभिन्न मनोरंजक खेलों और गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसका सभी ने भरपूर आनंद उठाया। माँ दुर्गा के जयकारों और भक्तिमय गीतों से पूरा परिसर गूंज उठा। उत्साह, उमंग और श्रद्धा से परिपूर्ण इस आयोजन ने सभी के मन को हर्षौल्लास से भर दिया।

इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य डॉ. भूपेश कुमार ने सभी को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने छात्रों के उत्साह, रचनात्मकता और सामूहिक प्रयासों की प्रशंसा करते हुए ऐसे आयोजनों को सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण, आपसी सहयोग और व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *