मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच एवं नियमित छापेमारी के डीसी ने दिए निर्देश

खूंटी : समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में एनालॉग/नॉन-डेयरी पनीर के उत्पादन, प्रसंस्करण, पैकेजिंग, भंडारण, वितरण (परिवहन सहित) तथा थोक एवं खुदरा बिक्री की रोकथाम को लेकर गठित जिला स्तरीय परामर्श समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आमजनों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
उपायुक्त ने जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं दुकानों में बिक्री होने वाली खाद्य सामग्रियों, विशेषकर पनीर, तेल आदि की नियमित जांच करने तथा खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को नमूने संग्रहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की स्थिति की भी जांच करने और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य सामग्रियों की बिक्री पर रोक लगाने को कहा। विशेषकर त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही, समिति के नामित सदस्यों से अपील की गई कि अपने क्षेत्रों में दूषित या खराब गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री की बिक्री की जानकारी जिला प्रशासन को दें, ताकि संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में वितरित किए जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। विद्यालयों की कैंटीन एवं आसपास बिकने वाली खाद्य सामग्रियों की भी नियमित निगरानी करने को कहा गया। उपायुक्त ने विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सक्रिय भूमिका निभाते हुए बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा खराब गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने एवं इसकी सूचना संबंधित पदाधिकारी को देने के निर्देश दिए। जिला शिक्षा पदाधिकारी को इस दिशा में आवश्यक निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को नियमित रूप से विभिन्न प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर खाद्य सामग्रियों की जांच एवं नमूना संग्रह करने का निर्देश दिया। जांच में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाने सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी को होटलों एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडर के स्थान पर व्यावसायिक (कमर्शियल) गैस सिलेंडर के उपयोग की जांच सुनिश्चित करने तथा इस संबंध में नियमित छापेमारी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, डीएसपी मुख्यालय, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, समिति के नामित सदस्य सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *