एक्सपो उत्सव 2026 का हुआ समापन, अगले साल फिर मिलने के वादे के साथ विदा हुआ एक्सपो
गणादेश,रांची: युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई के बहुप्रतीक्षित ‘एक्सपो उत्सव 2026’ का बुधवार को भव्य समापन हुआ। रांची का त्योहार कहे जाने वाले इस व्यापार मेले का यह 29वां संस्करण था। एक से सात अक्टूबर तक मोराबादी मैदान में आयोजित एक्सपो में देश के विभिन्न शहरों से करीब 400 स्टॉल लगाए गए थे। अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में रांचीवासी मेले में पहुंचे और विभिन्न स्टॉलों पर खरीदारी कर विशेष ऑफर्स का लाभ उठाया।
समापन समारोह में जेसीआई इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष भरत अन आचार्य मुख्य अतिथि, मंडलीय अध्यक्ष गौरव सेठ विशिष्ट अतिथि, मंडलीय उपाध्यक्ष तन्वी अग्रवाल और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राखी जैन मौजूद रहीं। मुख्य अतिथि ने एक्सपो की सफलता के लिए जेसीआई के सदस्यों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सदस्यों और सहयोगियों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान एक्सपो रतन सम्मान जेसी दीपक पटेल, एक्सपो भूषण सम्मान जेसी ऋषब जैन और जेसी अनिमेष निखिल तथा एक्सपो पद्म भूषण सम्मान जेसी ऋषब अग्रवाल, जेसी देवेश जैन और जेसी सन्नी केडिया को प्रदान किया गया। साथ ही एक्सपो के सभी प्रायोजकों को भी सम्मानित किया गया। मंच संचालन जेसी तरुण अग्रवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सचिव जेसी साकेत अग्रवाल ने किया।
एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने कहा कि रांचीवासियों ने मेले का भरपूर आनंद लिया और इसकी सराहना की। इस बार हैंगर और एम्यूजमेंट पार्क को पहले से बड़ा किया गया था। पहली बार एक्सपो टैंक और भजन जैमिंग जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि करीब सात लाख लोग एक्सपो में पहुंचे।
आयोजन की सफलता में अध्यक्ष जेसी अभिषेक जैन सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान ने सभी मीडिया और इन्फ्लुएंसर्स का आभार जताया।


