SIR के खिलाफ युवा कांग्रेस का चुनाव आयोग कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन
रांची:झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुमार गौरव के नेतृत्व में मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग कार्यालय का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
कुमार गौरव ने कहा कि देश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित होने की आशंका पैदा हुई है।
उन्होंने कहा कि मतदाता का वोट उसका संवैधानिक अधिकार है और किसी भी प्रक्रिया के नाम पर योग्य मतदाताओं को उनके मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। हमारी मांग है कि ज्ञानेश कुमार ने जिस तरह से संविधान और लोकतंत्र की हत्या की है उसे तत्काल इस्तीफा देना चाहिए यहां उसे बर्खास्त करें केंद्र सरकार
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल और एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर विपक्ष द्वारा लगातार गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। कांग्रेस की मांग है कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अथवा अनियमितता की निष्पक्ष जांच हो तथा जिन योग्य मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं, उनके नाम सुरक्षित किए जाएं।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग से एसआईआर प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने, मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने तथा चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने की मांग की।


