2019 से झामुमो-कांग्रेस-राजद की सरकार झारखंड में, जनता को केवल निराशा मिली : गजेंद्र सिंह पटेल

रांची: झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सह भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल के द्वारा पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में झारखंड सरकार के कामकाज एवं नीतियों पर गंभीर सवाल उठाते हुए भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, छात्रों से जुड़े मुद्दे, राज्य में घुसपैठ आदि मामलों को लेकर सरकार पर तीखा हमला किया गया। श्री पटेल ने अपने दो दिवसीय दौरा का अनुभव को साझा करते हुए कहा कि दो दिवसीय प्रवास में जो जानकारी मिली, जिलों लोगों से मिला, समझ में आ गया कि राज्य की स्थिति बहुत ही विकट है। झारखंड में यह प्रदेश प्रभारी की पहली प्रेस वार्ता थी।

श्री पटेल ने कहा कि 2019 से झामुमो-कांग्रेस-राजद की सरकार झारखंड में सत्ता में है, लेकिन विकास के नाम पर यहां की जनता को केवल निराशा मिली। इन दलों के घोषणा पत्रों के सारे वादे झूठे साबित हुए। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाएं भी लोगों को उपलब्ध कराने में सरकार विफल रही है। इस राज्य के गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़े, महिला, किसान और युवा सभी वर्ग परेशान हैं।

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा ने आदिवासियों के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं। झारखंड की सरकार में शामिल दलों ने भोले भाले आदिवासियों को बरगलाने का काम किया है। अब यह समाज सबकुछ समझ चुका है। इस बार इन दलों के बहकावे में यह समाज आने वाला नहीं है।

उन्होंने कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। बालू, कोयला, पत्थर, खनिज संपदाओं की लूट खसोट के साथ DMFT फंड की लूट जारी है। जल, जंगल और जमीन की खुलेआम लूट हो रही है। इस कारण सरकार और सरकार के मुखिया कठघरे में हैं। भाजपा ने सरकार की इस लूट खसोट का सड़क से सदन तक पुरजोर विरोध किया है। वर्तमान सरकार ने जनहित का कोई काम नहीं किया है।

प्रदेश प्रभारी ने छात्रों द्वारा किए गए हालिया बड़े आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने राज्य सरकार को छात्रों एवं युवाओं के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। नौकरी भर्ती में खुलेआम पैसों का लेन देन हुआ। जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल, उत्पाद सिपाही, पीजीटी सहित कई परीक्षाएं विवादों में रहीं। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी ने लाखों युवाओं के भविष्य को रौंदने का काम किया है। युवाओं ने सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया तो उनके साथ अत्याचार किया गया। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवा और छात्र सरकार की कार्यशैली से काफी नाराज हैं।

उन्होंने झारखंड में लंबे समय से जारी घुसपैठ के मामलों पर हेमंत सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य सरकार इसको रोकने की बजाय इसको बढ़ावा देने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर बार-बार सरकार को सचेत और अवगत कराया गया परंतु सरकार हमेशा इसे अनसुनी करती रही। सरकारी तंत्र कार्रवाई की बजाय घुसपैठियों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष मदद पहुंचाने में लगी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वास्तविक मतदाताओं को जोड़ने और जुटे हुए अवांछित मतदाताओं को सूची से हटा कर लोकतांत्रिक प्रकिया को मजबूत करने की दिशा में कारगर कदम उठाया लेकिन SIR जैसी पारदर्शी प्रक्रिया का भी यह सरकार विरोध कर रही है। इस सरकार के द्वारा भ्रम फैला कर, आदिवासी समाज को गुमराह करके विद्रोह करवाया जा रहा है जो यह अनुचित है। सरकार अपनी मंशा में सफल नहीं होगी।

उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया। महिला सुरक्षा पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य में भय का माहौल है। अपराधी बेख़ौफ़ हैं। हत्या, लूट, अपहरण, गोलीबारी खुलेआम हो रही है। सरकार ने राज्य की कानून व्यवस्था को तहस नहस करके छोड़ दिया है।

उन्होंने कहा कि पूरे देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 70 प्रतिशत से अधिक भाग पर भाजपा सरकार में है। जहां भाजपा शासित राज्य है, वहां विकास और सुशासन का काम काफी बेहतर ढंग से हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75 साल के जन्मोत्सव का कार्य चल रहा है। 7 अक्टूबर को उनके सेवा काल का 25 साल हो जाएगा। 750 जिलों के मुख्यालय में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने इसके उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा का मुख्य संकल्प सेवा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कहा कि इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भी मार्गदर्शन प्राप्त होगा। प्रधानमंत्री अपने संबोधन के माध्यम से विकसित भारत की कल्पना का संदेश जनता तक पहुंचाएंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से 7 अक्टूबर के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में झारखंड को भी विकसित बनाया जाएगा।

श्री पटेल ने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करते हुए जनता और कार्यकर्ताओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। पार्टी प्रदेश के जनसरोकारों से जुड़े विषयों और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर लगातार जनता के बीच जाती रही है और आगे भी जाएगी। जनता के सवालों को लेकर पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।
प्रेसवार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश सह-प्रभारी सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *