जेसोवा दिवाली मेला 29 अक्टूबर से, देशभर के उद्यमी होंगे शामिल

रांची: झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन की ओर से इस वर्ष जेसोवा दिवाली मेला-2026 का आयोजन 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक मोरहाबादी मैदान में किया जाएगा। पांच दिवसीय मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा। सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मेले की घोषणा के साथ पोस्टर और ब्रोशर जारी किया गया।
जेसोवा वर्ष 2000 से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। संस्था की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक पुस्तकालय और स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं। बेड़ो, लापुंग और सिमडेगा में आधुनिक पुस्तकालय स्थापित किए गए हैं, जहां विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं समेत विभिन्न विषयों की पुस्तकें और डिजिटल अध्ययन की सुविधा उपलब्ध है।
दिवाली मेले का उद्देश्य महिला उद्यमियों और ग्रामीण कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराना है। मेले में गुजरात, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड समेत विभिन्न राज्यों के उद्यमी शामिल होंगे। कोहबर, सोहराय और मधुबनी पेंटिंग, स्वदेशी वस्त्र और जनजातीय व्यंजन आकर्षण का केंद्र होंगे। मेले में स्वास्थ्य शिविर, सरकारी योजनाओं के स्टॉल, मोबाइल एटीएम तथा ड्राइंग, डांस, फैंसी ड्रेस और मॉम एंड बेबी शो समेत कई कार्यक्रम होंगे। हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *