जाति जनगणना में अलग ओबीसी कॉलम की मांग पर मोर्चा ने निकाला मार्च, किया सांकेतिक पुतला दहन
रांची : राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि ओबीसी की गिनती नहीं करना देश को कमजोर करने के समान है। देश की इतनी बड़ी आबादी की शिक्षा, गरीबी, रोजगार, छात्रवृत्ति और आरक्षण की वास्तविक स्थिति को अनदेखा करके राष्ट्र को मजबूत नहीं बनाया जा सकता।
शनिवार को जातीय जनगणना में अलग ओबीसी कॉलम की मांग को लेकर मोर्चा ने जयपाल सिंह स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मार्च निकाला। वहां सरकारी अधिसूचना का पुतला बनाकर सांकेतिक दहन किया गया।
प्रेस को संबोधित करते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि जब इतनी बड़ी आबादी के बच्चे शिक्षा में पीछे रहेंगे, युवा रोजगार से वंचित रहेंगे और परिवार गरीबी में फंसे रहेंगे, तो उसका नुकसान पूरे देश को होगा। प्रतिभा को अवसर नहीं मिलेगा, श्रमशक्ति की क्षमता अधूरी रह जाएगी और देश की प्रगति प्रभावित होगी।
श्री गुप्ता ने कहा, “ओबीसी को मजबूत करना देश को मजबूत करना है। अलग ओबीसी कॉलम से आबादी के स्पष्ट आंकड़े मिलेंगे और शिक्षा, रोजगार तथा आर्थिक स्थिति की विस्तृत पड़ताल का आधार मजबूत होगा। सरकार इस मांग को देश के विकास की जरूरत समझकर स्वीकार करे।”
वरीय उपाध्यक्ष आजम अहमद ने कहा, “देश की लगभग 60 प्रतिशत आबादी ओबीसी समुदाय की है। उसकी सही संख्या सामने नहीं आएगी तो उसकी जरूरतों के अनुरूप विकास का खाका कैसे बनेगा? बजट पर्याप्त है या नहीं, बच्चों को उच्च शिक्षा में उचित अवसर मिल रहे हैं या नहीं और नौकरी में पर्याप्त प्रतिनिधित्व है या नहीं, यह कैसे परखा जाएगा?”
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष राजेश प्रसाद ने कहा कि सही आंकड़े जरूरत के अनुसार बजट और योजनाओं की जवाबदेही तय करने का आधार बनेंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने कहा कि पिछड़े समुदायों की क्षमता का पूरा उपयोग किए बिना देश समृद्ध नहीं हो सकता।
प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष उर्मिला यादव ने कहा कि जाति जनगणना से महिलाओं की भागीदारी की भी सही जानकारी मिलेगी। ओबीसी बेटियों की उच्च शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता परिवार तथा समाज को मजबूत करेगी।
प्रदेश छात्र मोर्चा अध्यक्ष रवि कुमार प्रजापति ने कहा कि छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा और रोजगार के सवाल पर छात्र-युवा लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेंगे। युवा नेता राज यादव ने कहा कि ओबीसी युवाओं को पर्याप्त अवसर देना देश के भविष्य में निवेश है।
कार्यक्रम में सूबेदार सिद्धनाथ सिंह, सचिंद्र यादव, ग्रामीण जिला अध्यक्ष रांची रविंद्र लाल यादव, निलेश प्रसाद,मंतोष कुमार,नीतीश कुमार, सदर परवेज आलम, जमील अख्तर पार्षद,मोहम्मद अशरफ अंसारी काशीप पंसारी,प्रदेश महासचिव काशी अग्रवाल एवं रामावतार कश्यप सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।


