खरीदारी से मनोरंजन तक, जेसीआई एक्सपो उत्सव में हर उम्र के लोगों के लिए खास इंतजाम

रांची : मोरहाबादी मैदान में जेसीआई की ओर से आयोजित ‘एक्सपो उत्सव 2026’ में शनिवार को नाइट मार्केट के दौरान लोगों की खूब भीड़ उमड़ी। रात 9 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक एक्सपो के सभी स्टॉल खुले रहे। कार्निवाल थीम पर आयोजित नाइट मार्केट में जोकर, फायर जगलर समेत कई आकर्षणों ने लोगों का ध्यान खींचा। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने खरीदारी के साथ मनोरंजन का भी आनंद लिया। इस वर्ष एक्सपो उत्सव अपने 29वें वर्ष में है और यह 7 अक्टूबर तक चलेगा।
400 वातानुकूलित स्टॉल, पिंक हैंगर बना खास आकर्षण
एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि सात दिवसीय मेले में देश के विभिन्न शहरों से करीब 400 वातानुकूलित स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें बड़े ब्रांड्स, स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स सहित अलग-अलग उत्पादों के स्टॉल शामिल हैं। महिलाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष ‘पिंक हैंगर’ बनाया गया है, जिसमें केवल महिला उद्यमियों को स्टॉल उपलब्ध कराया गया है। बच्चों के मनोरंजन के लिए एक्सपो परिसर में एम्यूजमेंट पार्क भी तैयार किया गया है।
अतिथियों ने किया एक्सपो का भ्रमण
मेले में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन की माताजी श्रीमती सिंघू मुर्मू, सीए राजेश शर्मा, सेंट्रल काउंसिल सदस्य आईसीएआई, सीए ज्ञानचंद मिश्रा, नेशनल काउंसिल सदस्य आईसीएआई और श्री सुदेश कुमार समेत अन्य अतिथियों ने भ्रमण किया। उन्होंने जेसीआई के युवा सदस्यों के प्रयासों की सराहना की और इतने बड़े आयोजन के लिए की गई मेहनत की प्रशंसा की। अतिथियों को दुपट्टा और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
50 लोगों ने कराई आंखों की जांच
जेसीआई की ओर से सेवा प्रकल्प के तहत निःशुल्क नेत्र जांच शिविर भी लगाया गया। पहले दिन करीब 50 लोगों की आंखों की जांच की गई। शिविर 4 अक्टूबर को भी आयोजित किया जाएगा।
डॉग शो और वॉयस ऑफ एक्सपो में दिखी प्रतिभा
3 अक्टूबर को डॉग शो और ‘वॉयस ऑफ एक्सपो’ प्रतियोगिता आयोजित की गई। डॉग शो में 17 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सीनियर वर्ग में लाटरी, सिम्बा और वोडका तथा जूनियर वर्ग में मैक्स, क्रिस्पी और सूफी विजेता रहे। वहीं वॉयस ऑफ एक्सपो में 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
आगे भी होंगे कई कार्यक्रम
4 अक्टूबर को एक्सपो टैंक एवं डांस प्रतियोगिता, 5 अक्टूबर को योग प्रतियोगिता और बुटिक्स एक्सपो फैशन शो तथा 6 अक्टूबर को भजन जैमिंग का आयोजन होगा। भजन जैमिंग में बाहर से आए कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। एक्सपो में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में क्यूआर कोड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन और एंट्री टिकट की बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
एक्सपो उत्सव 2026 के प्रिंसिपल स्पॉन्सर पंचरत्न स्काईलाइन हैं। टैंगो, अल्पाइन और गृहस्थी पावर्ड बाय पार्टनर हैं। इसके अलावा होटल चाणक्य, मोशन, बुद्धा टोयोटा, श्री अलंकार, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, प्रभुजी, वॉव डिटेलिंग, बागला, बलीफिया, एनटीपीसी, आराध्या, अपना मार्ट, मी एंड मॉम्स, एटीसी, कैफीनेटर्स और रेडियो धूम समेत कई संस्थान अलग-अलग श्रेणियों में सहयोगी पार्टनर के रूप में जुड़े हैं।
आयोजन को सफल बनाने में जेसीआई अध्यक्ष जेसी अभिषेक जैन, सचिव जेसी साकेत अग्रवाल समेत संस्था के पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसकी जानकारी एक्सपो के मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *